West Bengal: 1st World film festival Kolkata
- फोटो : Amar Ujala
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में शहर के फिल्म केंद्र नंदन में प्रथम विश्व फिल्म महोत्सव कोलकाता का आगाज हो चुका है। इसमें दुनियाभर की बेहतरीन फिल्में दिखाई जा रही हैं। इसका आयोजन फेडरेशन ऑफ फिल्म सोसाइटीज ऑफ इंडिया (पूर्वी क्षेत्र) ने इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ फिल्म सोसाइटीज (एशिया-पैसिफिक सेक्शन) के सहयोग से किया जा रहा है। पहले विश्व फिल्म महोत्सव कोलकाता में भारत सहित बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल, ईरान, किर्गिस्तान, रूस, पुर्तगाल, मिस्र, मोरक्को, ब्राजील, इक्वाडोर और अन्य देशों की फिक्शन फिल्में दिखाई जा रही हैं।
इस कार्यक्रम में पांच बांग्लादेशी फिल्में दिखाई जा रही हैं। ये फिल्में हैं- मोहम्मद रब्बी मृधा द्वारा निर्देशित 'नो ग्राउंड बेनिथ द फीट', सुबोरना सेनजुटी की 'रिपल्स', अमिताभ रजा चौधरी की 'रिक्शा गर्ल', नूरुल आलम अतीक की 'लाल मोरोगर झुटी' और मसूद पथिक की 'माया - द लॉस्ट मदर' ' भी दिखाई जाएंगी।
बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रम में 'कंट्री फोकस' श्रेणी के तहत बांग्लादेशी फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। फेस्टिवल का उद्घाटन फेडरेशन ऑफ फिल्म सोसाइटीज ऑफ इंडिया के अध्यक्ष किरण शांताराम ने किया। महोत्सव के उद्घाटन समारोह में जया अहसन के अलावा अभिनेत्री गार्गी रॉय चौधरी, ज्योतिका ज्योति, निर्देशक अबू सईद, अतनु घोष मौजूद आदि मौजूद रहे।
महोत्सव के समन्वयक प्रेमेंद्र मजूमदार ने बताया कि इसका आयोजन 25 सितंबर तक किया जाएगा। यह पहली बार है, जब इस तरह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भारत और पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश सहित दुनिया के तमाम देशों की फिल्में दिखाई जा रही हैं। हमारा मकसद है कि हम अच्छे सिनेमा को आगे बढ़ाएं।