दिल्ली में बिजली की खपत ने रिकॉर्ड तोड़ा
भीषण गर्मी के बीच मंगलवार दोपहर राष्ट्रीय राजधानी में बिजली की अधिकतम खपत 8,647 मेगावाट तक पहुंच गई, जो शहर में अब तक का उच्चतम स्तर है।
देश में उरई में सबसे गर्म, पारा 46.4 पर
उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में कम से कम 10 जगहों पर मंगलवार को तापमान 45 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। देशभर में उत्तर प्रदेश के उरई में सबसे अधिक 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 डिग्री रहा।
पश्चिमी विक्षोभ से करवट लेगा मौसम
आईएमडी की वैज्ञानिक सोमा सेन ने बताया कि उत्तर भारत में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, 19 से 21 जून के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर पश्चिमी यूपी में मौसम थोड़ा करवट लेगा। तेज आंधी के साथ पंजाब में भारी जबकि शेष राज्यों में हल्की वर्षा हो सकती है। हालांकि, प्रचंड गर्मी से यह तात्कालिक राहत होगी। इसके बाद वापस लू और भीषण गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा। 27 जून के करीब दिल्ली में मानसून संबंधी हलचल शुरू हो जाएगी। यूपी में भी माह के चौथे सप्ताह तक मानसून दस्तक दे सकता है। इसके बाद ही, तपती गर्मी से लंबी राहत की उम्मीद की जा सकती है।
पहाड़ भी उबलने लगे, 49.60 कठुआ में रहा पारा
भीषण गर्मी से अब पहाड़ भी उबलने लगे हैं। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में अधिकतम तापमान 49.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अब तक का रिकॉर्ड है। 12 जून को पारा 48.1 डिग्री था। उत्तराखंड के देहरादून में सोमवार को पारा 43.1 डिग्री तक चढ़ गया था, जो 122 वर्ष का रिकॉर्ड है। मंगलवार को यह 41 डिग्री सेल्यिस से ऊपर रहा। हिमाचल में नौ जिले लू की चपेट में हैं। यहां के सात जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज हुआ। ऊना में सर्वाधिक 43 डिग्री रहा। राज्य में बुधवार को कुछ जगहों पर बारिश के आसार हैं।