नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर व पश्चिमी भारत के कई इलाकों में बारिश तथा पहाड़ी हिस्सों में बर्फबारी हो सकती है। इनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान शामिल हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 से 22 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में 18 से 22 फरवरी के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश, आंधी, वज्रपात व ओलावृष्टि होगी। हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 19 और 20 फरवरी को राजस्थान में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। कश्मीर घाटी के ज्यादातर इलाकों में 18 से 21 फरवरी तक तेज बारिश और बर्फबारी का अनुमान है, मैदानी व निचले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान व मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड के अधिकतर इलाकों में भी इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ हिस्सों में भारी बारिश व बर्फबारी हो सकती है।
तूफानी हवा : 20 तक पंजाब में तेज चलेंगी हवाएं
ओलावृष्टि: 18 से 20 फरवरी 18 फरवरी को जम्मू के अलग-अलग हिस्सों, 18 और 19 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और 18 से 20 फरवरी के दौरान उत्तराखंड में ओले गिरने की आशंका है। वहीं, 19 और 20 फरवरी तक पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में चक्रवाती प्रसार
पूर्वोत्तर भारत में मध्य असम के निचले स्तरों पर चक्रवाती प्रसार जारी है। इससे अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नगालैंड के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
तीन से पांच डिग्री बढ़ेगा तापमान
जम्मू-कश्मीर: दस जिलों में यातायात के लिए दिशा-निर्देश जारी
प्रदेश में 18 से 20 फरवरी को सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते जम्मू-कश्मीर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। इसमें कुपवाड़ा, बांदीपोरा, गांदरबल, बारामूला, कुलगाम, शोपियां, अनंतनाग, रामबन, डोडा और किश्तवाड़ में कई जगहों पर भारी से भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे एनएच-44 जम्मू श्रीनगर सहित प्रदेश के महत्वपूर्ण मार्ग बाधित हो सकते हैं। लोगों से यातायात एडवाइजरी के तहत यात्रा करने की सलाह जारी की गई है।
उत्तराखंड: गढ़वाल के तीन और कुमाऊं के दो जिलों में ओलावृष्टि का येलो अलर्ट
उत्तराखंड में एक बार फिर रविवार से बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 18 से 20 फरवरी तक मौसम बदलने के आसार हैं।