देश में मौसम एक बार करवट बदलता हुआ नजर आ रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि जम्मू-कश्मीर के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बना हुआ है। इतना ही नहीं पश्चिमी राजस्थान के ऊपर चक्रवाती हवाओं का असर है। मौसम विभाग की माने तो उत्तर भारत के कई इलाकों में पिछले दो से तीन दिनों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है, जिससे वहां रहने वाले लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिली है।
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में पिछले दो से तीन दिनों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, जिससे यहां लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिली है। इन राज्यों के न्यूनतम तापमान में औसतन 4-5 डिग्री तक गिरावट देखी गई है।
आज के मौसम की बात करें तो आज दिल्ली में मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग ने इसकी जानकारी दी। विभाग का मानना है कि दस मई को दिल्ली में हल्की बारिश देखी जा सकती है। वहीं अगले दिन यानी 11 मई को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बात करें तो 10 मई के बाद तीन-चार दिन बारिश के आसार हैं। इस दौरान तापमान में गिरावट दर्ज होगी।
यहां हो सकती है बारिश
मौसम की जानकारी देने वाली निजी कंपनी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और केरल में हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा झारखंड, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप के कुछ इलाके और ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं बिहार के कुछ इलाकों, पूर्वी मध्यप्रदेश, तेलंगाना के कुछ हिस्से, आंतरिक कर्नाटक और मध्य महाराष्ट्र में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं पंजाब और राजस्थान के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ छुटपुट बारिश हो सकती है।
इसके अलावा मध्यप्रदेश में अगले कुछ दिन बारिश पड़ सकती है। मौसम विभाग की माने तो 10 मई को राजधानी भोपाल और आस-पास के इलाकों में बादल बरस सकते हैं। वहीं इंदौर और आसपास के जिलों में 9 और 10 मई को बारिश होने की संभावना है।