देश के राज्यों में इन दिनों बरसात का दौर जारी है। कई राज्यों में धीमी बरसात हो रही है तो कई झमाझम बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली-एनसीआर में भी पिछले दो से तीन दिनों से मौसम सुहावना बना हुआ है। शुक्रवार को भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश हुई। मौसम विभाग की मानें तो इस वीकेंड में दिल्ली-एनसीआर समेत देश के बारिश में बारिश का दौर जारी रहेगा। इससे वीकेंड पर मौसम सुहावना बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली और एनसीआर में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर बना रहेगा। इस कारण लोगों का वीकेंड काफी अच्छा गुजरेगा। शनिवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होने के अनुमान हैं। वहीं 28 जुलाई रविवार और 29 जुलाई सोमवार को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है। जबकि 30 जुलाई से को भी मध्यम बारिश होने के आसार हैं। 31 जुलाई और 1 अगस्त को गरज के साथ बौछारें पड़ सकती है या बारिश भी हो सकती है। इस बीच तापमान अधिकतम तापमान 34-35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26-27 डिग्री तक बना रहेगा।
इन दिनों उत्तर प्रदेश के तमाम इलाकों खासकर पश्चिमी यूपी में झमाझम बारिश हो रही है, बारिश से नदियां भी उफान पर हैं। प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी के पश्चिमी जिलों में अच्छी बारिश का दौर बना रहेगा। यूपी के 17 जिलों मुजफ्फरनगर, मेरठ, एटा, हापुड़, टुंडला, आगरा, नगीना, ललितपुर, बिजनौर, फतेहाबाद, बुलंदशहर, बांदा और फर्रुखाबाद के लिए अगले तीन दिनों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस वीकेंड में कोंकण और गोवा, विदर्भ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश संभव है। जबकि ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, दक्षिण गुजरात और केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, तेलंगाना, गुजरात और राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में मध्यम से मध्यम बारिश संभव है। वहीं,लद्दाख, सौराष्ट्र और कच्छ, आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में हल्की बारिश संभव है।