लू के थपेड़ों से जल रहे उत्तर भारत के दिल्ली समेत कुछ हिस्सों में शुक्रवार को हुई बारिश से थोड़ी राहत तो मिली है लेकिन मानसून का इंतजार 7 जुलाई तक करना पड़ सकता है।
दिल्ली एनसीआर का गुरुग्राम 43.5 डिग्री में तपा तो पंजाब और हरियाणा में पारा 40 डिग्री तक चढ़ा। उधर, पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा में बचाव दलों ने बाढ़ में फंसे 2137 लोगों को राहत कैंप तक पहुंचाया।
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान का चुरू 43.6 डिग्री के साथ उत्तर भारत में सबसे गर्म रहा। दूसरे नंबर पर गुरुग्राम था, जबकि दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में दोपहर बाद हुई तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने लोगाें को तपती गरमी से राहत दी। दिल्ली के पालम में 26 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं राजस्थान के अलवर में 27 एमएम बारिश हुई।
मौसम विभगा ने शनिवार को बादल छाये रहने और कुछ इलाकों में बारिश का अनुमान लगाया है लेकिन इसे मानसून की दस्तक नहीं बताया। इस बारिश से अधिकतम तापमान दो डिग्री नीचे आयेगा।
मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय मोहापात्रा के मुताबिक रविवार से अगले हफ्ते बुधवार तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर ही रहेगा और अगले हफ्ते उमस बढ़ने से लोगों को राहत नहीं रहेगी।
त्रिपुरा में 521 मकान क्षतिग्रस्त
त्रिपुरा में भारी बारिश से बाढ़ के बीच 521 मकान क्षतिग्रस्त हुए, इनमें 78 मकानों में भीषण नुकसान हुआ और नौ घर तो कोवाई व सेपाहीजाला नदी में बह गये। त्रिपुरा में बाढ़ से अब तक 5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।