उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में गुरुवार को शीत लहर का प्रकोप रहा। इस बीच उम्मीद जताई जा रही है कि अगले पांच दिन शीत लहर चलने की संभावना नहीं है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, गुरुवार को दक्षिण हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश के उत्तरी भाग और बिहार के कुछ इलाकों में शीत लहर का प्रकोप बना रहा। उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ भागों और पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा के दूरदराज के हिस्सों में न्यूनतम तापमान दो से पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
एक और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ करेगा प्रभावित
आईएमडी ने बताया कि अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर भारत में शीतलहर की संभावना नहीं है। एक और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 20 जनवरी की रात से 26 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और 23 जनवरी से 25 जनवरी तक उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित कर सकता है।
यहां बारिश के आसार
IMD ने कहा कि इसके प्रभाव से 20 से 22 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 23 जनवरी से 26 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।