पूर्वोत्तर में 12 दिसंबर तक घना कोहरा छाए रहने के आसार
मौसम विभाग ने असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 दिसंबर तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। कम दृश्यता के कारण सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। पूर्वी बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवात सक्रिय है। दक्षिण-पूर्व व दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में हवा की गति 35 से 45 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 55 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। समुद्र में ऊंची लहरों की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें -
Indigo Crisis: सातवें दिन भी इंडिगो की 562 उड़ानें निरस्त, यात्रियों का फूट रहा गुस्सा; उड्डयन मंत्री हुए सख्त
हिमाचल- बारिश-बर्फबारी और कोहरे का येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव स्पष्ट दिख रहा है। चंबा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू और कांगड़ा के ऊंचे हिस्सों में मंगलवार को बारिश और बर्फबारी की संभावना है। बिलासपुर और मंडी में भी 9 दिसंबर को कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे दृश्यता बेहद कम रह सकती है। सप्ताह के अंत तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और 13 दिसंबर तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
जम्मू-कश्मीर- पहलगाम सबसे ठंडा...
जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। पहलगाम प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। श्रीनगर में तापमान माइनस 0.9 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तरी और मध्य कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में हल्की बर्फबारी के संकेत हैं, जिसके लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।