भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने जानकारी दी कि रविवार को उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि राजस्थान के गंगानगर में में 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
आईएमडी के मुताबिक, हरियाणा के सिरसा में अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस, मध्य प्रदेश के पृथ्वीपुर में 45.1 डिग्री सेल्सियस, विदर्भ के यवतमाल में 45.0 डिग्री सेल्सियस, दिल्ली के लोधी रोड में 43.8 डिग्री सेल्सियस, पंजाब के अमृतसर में 43.5 डिग्री सेल्सियस, छत्तीसगढ़ के रायपुर में 43.0 डिग्री सेल्सियस और ओडिशा के तितलागढ़ में 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य तापमान से दो डिग्री अधिक है। दक्षिण दिल्ली के आया नगर में तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस, रिज में 43.7 डिग्री सेल्सियस और पालम में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और जोधपुर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। रविवार को पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
कर्नाटक: तेज आंधी से उखड़े कई पेड़, मेट्रो सेवा भी बाधित
उधर, कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में तेज हवाओं के साथ तेज आंधी के कारण कई पेड़ उखड़ गए। पर्पल लाइन पर स्थित ट्रिनिटी मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो ट्रैक पर एक पड़ गिरा, जिससे सेवाएं बाधित हुईं।
अगले तीन दिनों में लू की तीव्रता में कमी आने की संभावना
मौसम विभाग ने कहा कि अगले तीन दिनों में देश में लू की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। विभाग ने कहा, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अगले तीन दिनों के दौरान लू की स्थिति कम तीव्रता के साथ जारी रहने की संभावना है।
तमिलनाडु में बारिश, लोगों को गर्मी से मिली राहत
तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले के कोविलपट्टी और आसपास के इलाकों में रविवार को लोगों को भारी गर्मी से राहतम मिली। चेन्नई के मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, कोविलपट्टीनगर, इनाम मनियाची, पांडवरमंगलम, चितांगुलम, मूपनपट्टी, नलतपुरुर और इलायारासनेंडल सहित कई इलाकों में भारी गरज और आकाशीय बिजली के साथ बारिश हुई।