मप्र में प्रवेश से पहले कमजोर पड़ा निसर्ग बारिश का दौर जारी
अरब सागर से उठा चक्रवात निसर्ग पड़ोसी महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश में प्रवेश से पहले कमजोर पड़कर कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया है। बदले मौसमी हालात में संभावना जताई गई है कि यह मध्यप्रदेश के पश्चिमी हिस्से की बजाय दक्षिणी हिस्से से इस सूबे में गुरुवार शाम दाखिल होगा। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक सूबे के कई स्थानों में कल बुधवार से ही बारिश शुरू हो चुकी है और यह गुरुवार को भी जारी रहेगी।
विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह चंदेल ने बताया कि निसर्ग के प्रभाव से गुरुवार को डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया और बड़वानी जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है और कुछ स्थानों पर बिजली गिर सकती है।
गुजरात में बाढ़
गुजरात के गोलपाड़ा, नागांव, होजई और कछार जिलों के लगभग 1.45 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित जिला गोलपाड़ा है। यहां के 1.16 लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं। वर्तमान में 212 गांवों में पानी भरे हुए हैं और 22,718 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है।
यूपी में बारिश, पंजाब-हरियाणा में सुहाना हुआ मौसम
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई है। गुरुवार को राज्य के पूर्वी हिस्सों में आंधी आने की संभावना है। वहीं हरियाणा और पंजाब में आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बने रहने का अनुमान है।
राजस्थान में बढ़ा पारा, कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना
राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई है। कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को जैसलमेर 41.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री, बीकानेर में 40.7 डिग्री, कोटा में 40.4 डिग्री, जोधपुर 38.4 डिग्री और जयपुर में 37.8 डिग्री दर्ज किया गया।
इसके अलावा कई हिस्सों में बुधवार को हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई। चित्तौड़गढ़ के कपासन में तीन सेंटीमीटर बारिश, प्रतापगढ़ के छोटी सादड़ी, धौलपुर के सैपुउ, राजसमंद के रेलमगरा, चित्तौड़गढ़ के भदेसरई में दो-दो सेंटीमीटर और अन्य स्थानों पर दो सेंटीमीटर से कम बारिश दर्ज की गई
बिहार-झारखंड में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने बिहार में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार चार से छह जून के बीच गर्जना के साथ बारिश हो सकती है। झारखंड में भी बंगाल की खाड़ी में बन रहे हवा के दबाव का असर पड़ेगा। यहां पांच जून तक बारिश होने की आंशका है।