बचत की आदत हर किसी को बचपन से होती है। इसके लिए कोई गुल्लक का विकल्प चुनता है तो कोई बैंक खातों में जमा करता है। अगर हम इसी बचत को अपनी आय का दूसरा साधन बना लें तो भविष्य सुनहरा हो सकता है। इसके लिए आज के दौर में सबसे अच्छा माध्यम म्युचुअल फंड है। इसे कोई भी प्रति माह 100 रुपये से शुरू कर सकता है।
ये बातें आदित्य बिरला सनलाइफ म्युचुअल फंड के इन्वेस्टर एजुकेशन के जोनल हेड ललित शर्मा ने अमर उजाला और आदित्य बिरला सनलाइफ म्युचुअल फंड की ओर से आयोजित धन संपदा कार्यक्रम में कहीं। जीटी रोड स्थित होटल बेस्ट व्यू में हुए कार्यक्रम में शिक्षक, युवा, नेता, उद्यमी, व्यापारी, महिलाओं समेत विभिन्न वर्गों के लोग शामिल होने के लिए पहुंचे। कार्यक्रम दो सत्रों में संपन्न हुआ।
पहले सत्र में मुख्य वक्ता ललित शर्मा ने बताया कि निवेश सिर्फ कारोबारियों या उद्यमियों के लिए ही नहीं है। वेतनभोगी भी निवेश कर सकते हैं, ताकि बढ़ती महंगाई में आय का दूसरा साधन भी बन पाए। उन्होंने कहा कि अपने वेतन का पांच फीसदी हिस्सा बचाएं। शुरुआती चरण में इस हिस्से में से कुछ को निवेश करना शुरू करें। जब बाजार को अच्छी तरह से समझ जाएं तो रकम को उसी अनुसार बढ़ाते चलें। उन्होंने कहा कि निवेश में धैर्य अति महत्वपूर्ण होता है। कुछ लोग बाजार के उतार-चढ़ाव से डरकर निवेश करने की इच्छा छोड़ देते हैं या कम से कम समय में लाभ अर्जित करने का सोचते हैं। ऐसे लोग घाटे का शिकार हो जाते हैं। इस दौरान श्रोताओं को निवेश के क्षेत्र भी बताए गए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में लोग गोल्ड, संपत्तियों, स्टॉक, इंश्योरेंस, बांड्स, बैंक डिपोजिट और म्युचुअल फंड में अधिक निवेश कर रहे हैं।
दूसरे सत्र में हुआ पैनल डिस्कशन
दूसरे सत्र में पैनल डिस्कशन के दौरान निवेश के विशेषज्ञों आदित्य बिरला सन लाइफ एएमसी लिमिटेड के जोनल हेड रिटेल सेल्स दिल्ली एनसीआर अमित ढींगरा, प्रभात कुमार, नवनीत माथुर और रोहित खुल्लर ने अपने अनुभव साझा किए। श्रोताओं ने निवेश से जुड़े सवाल भी पूछे। इनका विशेषज्ञों ने बड़ी सहजता के साथ विस्तार से उत्तर दिया। विधि की छात्रा पायल ने पूछा कि अपनी पॉकेट मनी से कैसे निवेश करें। इस पर रोहित खुल्लर ने जवाब दिया कि 100 से 500 रुपये तक की एसआईपी शुरू करें। एसआईपी में फंड का प्रबंधन विशेषज्ञ करते हैं।
क्या बोले विशेषज्ञ
आदित्य बिरला लाइफ एएमसी लिमिटेड के जोनल हेड इन्वेस्टर एजुकेशन ललित शर्मा ने निवेश का महत्व बताते हुए कहा, "आज के समय में निवेश आय का दूसरा सबसे बड़ा साधन है। पहले जो खर्च 30 हजार रुपये में चल जाता था। समय परिवर्तन के साथ अब वही खर्च एक लाख रुपये से भी बामुश्किल चल रहा है। ऐसे में निवेश करेंगे तो भविष्य में जरूरत के साथ लोन नहीं लेना पड़ेगा।"
आदित्य बिरला सन लाइफ एएमसी लिमिटेड के जोनल हेड रिटेल सेल्स दिल्ली एनसीआर अमित डींगरा ने बचत की जरूरत को बताते हुए कहा, "50 वर्ष पूर्व हमारे देश का बचत प्रतिशत 74 फीसदी था। अब हम 25 फीसदी ही कर पा रहे हैं। जेनजी का बचत प्रतिशत नकारात्मक है। यह भविष्य के लिए ठीक नहीं है। ऐसे कार्यक्रम जेन जी के लिए अधिक महत्वपूर्ण है।"
विशेषज्ञों के सुझाव
- शेयर खरीदने का सही समय डाउन मार्केट के दौरान होता है।
- कहीं भी निवेश करें, नॉमिनी अवश्य बनाएं।
- यह अच्छी तरह से समझ लें कि कितना पैसा, कहां और कब लगाना है।
- लंबी अवधि के लिए की गई एसआईपी अधिक लाभ देगी।
- शॉर्ट टर्म निवेश करते हैं तो सलाहकार की मदद अवश्य लें।
- सिस्टमेटिक विद्वाल प्लान करें।
ये अतिथि भी रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, उत्तर प्रदेश उद्यामी विकास संघ के अध्यक्ष उपेंद्र गोयल, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश के जिला अध्यक्ष देवव्रत चौधरी, व्यापार मंडल के अध्यक्ष बालकिशन गुप्ता, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रीतम लाल, मीडिया प्रभारी संजय शर्मा, आईआईए के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप गुप्ता, आईएएमए के उपाध्यक्ष मंजीत सिंह, उद्यमी बृजेश अग्रवाल, एंजल मर्करी एओए अध्यक्ष अवनीश झा, कांग्रेस नेता गिरीश शर्मा, समाज सेविका स्वीटी अग्रवाल, डॉ. उत्तम शर्मा, आरएलडी नेता इंद्रजीत सिंह टीटू आदि मौजूद रहे।