अरब सागर से उठा चक्रवाती तूफान ‘वायु’ कमजोर पड़ चुका है। मंगलवार सुबह ‘वायु’ ने गुजरात के तटीय जिले कच्छ को पार किया। इसके बाद उत्तरी गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में बारिश हुई।
अहमदाबाद स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि कच्छ पहुंचने के बाद चक्रवाती तूफान कमजोर पड़ गया। इसके चलते उत्तरी गुजरात समेत कई क्षेत्रों में मंगलवार सुबह बारिश हुई। आईएमडी में वैज्ञानिक मनोरमा मोहंती के मुताबिक, तटीय जिले कच्छ पहुंचने के बाद तूफान एक दबाव क्षेत्र में बदल गया।
बंदरगाहों के लिए चेतावनी को कम कर दिया गया है, लेकिन बुधवार सुबह तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। कम दबाव क्षेत्र लगातार कम हो रहा है।
मनोरमा ने बताया कि सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में मंगलवार शाम को 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। पिछले 24 घंटे में तलाला और वेरावल तालुका में क्रमश: 33 और 25 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान दाहोद, गांधीनगर, राजकोट, जामकर और साबरकांठा जिलों के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हुई।