तीस जनवरी के दिन पूरा देश दो मिनट के लिए लगभग ठहर सा जाएगा। इस दिन महात्मा गांधी का शहीद दिवस है। एक संस्था वी द पीपुल ऑफ इंडिया (We The People Of India) ने इस दिन पूरे देश में दो मिनट के लिए मौन रखने की अपील की है। यह मौन शाम 05:17 से शुरू होकर अगले दो मिनट यानी 05:19 तक चलेगा।
इसके बाद अपने-अपने स्थानों पर राष्ट्रगान गाया जाएगा। यह मौन महात्मा गांधी को याद करने के साथ-साथ देश में नागरिकता संशोधन अधिनियम, एनपीआर और एनसीआर जैसे कानूनों के विरोध में भी आयोजित किया जा रहा है।
संस्था की अपील है कि इसी समय (शाम 05:17 से - 05:19 तक) सभी वाहन चालक जैसे कार, ट्रक, बस, साइकिल चालक अपने वाहनों को दो मिनट के लिए रोक दें। इस समय पर देश की सभी फैक्ट्रियों में दो मिनट के लिए काम पूरी तरह रोक देने की भी योजना है।
यह आयोजन पूरी तरह गैर-राजनीतिक रखा गया है, लेकिन सभी से इसमें शामिल होने की अपील की गई है।
मानव श्रृंखला भी बनाई जाएगी
दिल्ली में यह कार्यक्रम महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पर आयोजित किया जाएगा। यहां लगभग चार किलोमीटर एक मानव श्रृंखला भी बनाई जाएगी। जामिया मिल्लिया इस्लामिया के छात्र यूनिवर्सिटी से लेकर राजघाट तक मार्च करेंगे।
संस्था ने अपने साथ जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय, जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय और दिल्ली यूनिवर्सिटी जैसे अनेक यूनिवर्सिटीज के छात्रों के अलावा सैकड़ों मजदूर और किसान संगठनों के साथ होने का दावा किया है।
31 को है बैंक कर्मचारियों की हड़ताल
इसके अगले ही दिन यानी 31 जनवरी और एक फरवरी को भारतीय बैंक संघ के बैनर तले लाखों बैंक कर्मचारियों ने हड़ताल का आह्वान किया है। वेतन बढ़ोतरी के मुद्दे पर बुलाई गई इस हड़ताल को भी व्यापक समर्थन मिलने की उम्मीद की जा रही है।