रियो ओलंपिक में भारत को मेडल दिलाने का खाता साक्षी मलिक ने कुश्ती में कांस्य पदक जीत कर खोला और उनके ठीक 18 घंटे के भीतर ही महिला एकल बैडमिंटन में पीवी सिंधू ने भारत को सिल्वर मेडल दिलाया।
इन दोनों महिलाओं की जीत ने भारत को दुनिया में गर्व से खड़े होने का मौका दिया और भारतीय खेल जगत के लिए ऐतिहासिक पल का मौका दिया। रियो ओलंपिक में भारतीय महिलाओं की बराबरी कोई पुरुष खिलाड़ी नहीं कर सका और इसे भारत में खेलों के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव के रुप में देखा गया है।
रियो में महिला खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन के बाद सवाल किया गया कि इस सफलता के बाद लड़कियों को लेकर समाज की सोच बदलेगी? जिसमें 54.74 फीसदी लोगों ने माना कि हां बिल्कुल सोच बदलेगी। पोल में 29.12 फीसदी लोगों का मानना है कि बदलाव होना शुरू हो चुका है जबकि 16.13 फीसदी का मानना है कि नहीं समाज वैसा ही रहेगा।