नेपाल ने जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में हुए आतंकवादी हमले की बृहस्पतिवार को कड़ी निंदा की और कहा कि आतंकवाद की इस जघन्य कार्रवाई को किसी भी आधार पर न्यायोचित नहीं ठहराया जा सकता है। विदेश मंत्रालय ने यहां एक बयान में कहा, ‘नेपाल सरकार ने जम्मू कश्मीर में आज हुए उस आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की है जिसमें कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।’
बयान में पीड़ितों के परिवारों के साथ-साथ सरकार और भारत के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई है। इसमें कहा गया है, ‘अपनी सैद्धांतिक स्थिति के अनुरूप नेपाल सभी तरह के आतंकवाद की निंदा करता है और उसका मानना है कि इस तरह की जघन्य कार्रवाई को किसी भी आधार पर न्यायोचित नहीं ठहराया जा सकता है।’
पुलवामा हमले को लेकर संयुक्त राष्ट्र की भी प्रतिक्रिया आई है। संयुक्त राष्ट्र की ओर से कहा गया, 'हम जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आज हुए हमले की निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएं भारत सरकार और जिन लोगों की जान गई उनके परिजनों के साथ हैं। हम उम्मीद करते हैं कि घायल हुए लोग जल्द स्वस्थ होंगे और हमले के लिए दोषी लोगों का जल्द से जल्द पता चले।'