फ्रांसीसी शोधकर्ताओं ने बगैर फिरौती दिए वानाक्राइ वायरस को अनलॉक करने का तरीका ढूंढ निकाला है। शोधकर्ताओं ने शुक्रवार को कहा कि वानाक्राइ से विंडोज फाइलों को करप्ट होने से बचाने के लिए तकनीशियनों के लिए एक नए तरीके को ईजाद कर लिया है।
पिछले हफ्ते रैंसमवेयर वानाक्राइ वायरस के साइबर हमले ने दुनिया के 150 देशों में 300000 से भी ज्यादा कंप्यूटर को प्रभावित किया था। साथ ही यह भी धमकी दी गई कि अगर 300 डॉलर से 600 डॉलर की फिरौती एक हफ्ते के भीतर नहीं चुकाई गई, तो उनके कंप्यूटरों को लॉक कर दिया जाएगा।
फ्रांसीसी शोधकर्ताओं की सुरक्षा टीम ने कहा कि उन्होंने वैश्विक साइबर हमले में फाइलों को करप्ट होने से बचाने के लिए वानाक्राइ वायरस को अनलॉक करने की एन्क्रिप्शन कुंजी वैकल्पिक हल के तौर पर खोज ली है।
हालांकि शोधकर्ताओं ने यह भी चेताया कि उनका समाधान केवल कुछ परिस्थितियों में ही काम करता है। शोधकर्ताओं का कहना है कि अगर कंप्यूटर संक्रमित होने के बाद से रिबूट नहीं किया गया हो या अगर स्थायी रूप से फाइलों को लॉक करने की वानाक्राइ की धमकियों से पहले पीड़ित भंवरजाल में फंस गया हो तब शोधकर्ताओं की वैकल्पिक तकनीक वानाक्राइ को अनलॉक करने में कारगर साबित हो सकती है। यूरोपोल ने ट्विटर पर कहा कि उसके यूरोपीय साइबर क्राइम सेंटर ने टीम के नए टूल को टेस्ट किया है और कहा कि उन्होंने पाया कि कुछ परिस्थितियों में डाटा फिर से वापस आ गया।