Delhi Election: दिल्ली में बुधवार को 70 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इस चुनावी पर्व में नेता भी हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। कई सीटों पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में बुधवार 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इसमें भागीदारी के लिए जनता से अपील की गई है। लेकिन इस चुनावी पर्व में नेता भी हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। भाजपा और आम आदमी पार्टी के सभी बड़े नेताओं के साथ-साथ कांग्रेस के बड़े नेता भी अपना वोट डालकर लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी निभाएंगे।
विज्ञापन
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा मयूर विहार के डीडीए स्टाफ क्लब के बूथ पर अपना वोट डालेंगे। हरदीप सिंह पुरी मोती बाग में वोट डालेंगे। केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा श्यामलाल कॉलेज के पास बने बूथ पर अपना वोट डालेंगे। मनजिंदर सिंह सिरसा पंजाबी बाग में, अरविंदर सिंह लवली ईस्ट आजाद नगर में, मनोज तिवारी यमुना विहार में अपना वोट डालेंगे। बांसुरी स्वराज जनपथ में, रमेश बिधूड़ी तुगलकाबाद में, प्रवेश वर्मा निर्माण भवन पर अपना वोट डालेंगे।
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव समयपुर बादली में अपना वोट डालेंगे। कांग्रेस नेता अजय माकन राजौरी गार्डन में और नई दिल्ली विधानसभा सीट पर अरविंद केजरीवाल को चुनौती दे रहे संदीप दीक्षित निजामुद्दीन ईस्ट के डीएवी स्कूल पर अपना वोट डालेंगे। अलका लांबा टैगोर गार्डेन में और पूर्व दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार दल्लूपुरा के टिंबर मार्केट के पास बने बूथ पर अपना वोट डालेंगे।