सार
हैदराबाद में भारत समिट के दौरान इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक के 'वोट चोर, गद्दी छोड़' नारे को लेकर विवाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। याचिका में सोशल मीडिया से वीडियो हटाने और कार्यक्रम की जांच कराने की मांग की गई थी। हालांकि, अदालत ने याचिका खारिज कर दी। आखिर विदेशी नेता ने भारत में यह नारा क्यों लगाया था? याचिकाकर्ता ने सरकार और आयोजकों पर क्या आरोप लगाए थे? आइए, मामले को विस्तार से जानते हैं...
सुप्रीम कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए क्या कहा?
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे वाले वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक के भारत में यह नारा लगाने वाले वीडियो हटाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। याचिका में न केवल वीडियो हटाने, बल्कि हैदराबाद में आयोजित भारत समिट के आयोजन और उसमें विदेशी नेताओं की भागीदारी की जांच कराने की भी मांग की गई थी। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया। अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ता अपनी शिकायत लेकर संबंधित अधिकारियों के पास जाने के लिए स्वतंत्र है।
सुप्रीम कोर्ट में किसने दायर की थी याचिका और क्या मांग की गई थी?
जाहिद अली ने वकील पुलकित अग्रवाल के माध्यम से यह याचिका दायर की थी। इसमें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मौजूद फिलिबेक के बयानों वाले वीडियो हटाने या उनकी पहुंच सीमित करने की मांग की गई थी। इसके अलावा भारत समिट के आयोजन और उसमें विदेशी राजनीतिक प्रतिनिधियों को बुलाने की परिस्थितियों की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग भी की गई थी। याचिकाकर्ता ने तेलंगाना सरकार को माफी मांगने और भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों में विदेशी नेताओं को भारतीय राजनीति के किसी दल के अभियान का समर्थन करने से रोकने का आश्वासन देने का निर्देश देने की मांग की थी।
इटली के नेता ने भारत में कौन सा नारा लगाया था, जिससे विवाद हुआ?
पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स (पीईएस) के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित भारत समिट 2026 में 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाया था। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मतदाता सूची को साफ और पारदर्शी बनाने के अभियान का भी समर्थन किया था। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। याचिकाकर्ता का आरोप था कि एक विदेशी राजनीतिक प्रतिनिधि ने भारत के आंतरिक राजनीतिक मामलों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप किया। याचिका में कहा गया कि फिलिबेक ने विपक्ष के उस राजनीतिक अभियान का समर्थन किया, जो नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ चलाया जा रहा है। उनके बयानों में सरकार की वैधता पर भी सवाल उठाए गए थे।
विदेशी नेता के भारत में राजनीतिक बयान देने पर याचिकाकर्ता ने क्या सवाल उठाए?
याचिकाकर्ता ने दलील दी कि विदेशी राजनीतिक प्रतिनिधियों की भारत के घरेलू राजनीतिक विमर्श में भागीदारी की एक सीमा होनी चाहिए। याचिका में इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 का भी उल्लेख किया गया। इसके तहत यह जांचने की मांग की गई कि फिलिबेक की भारत यात्रा और उनके बयानों से देश में प्रवेश और रहने की शर्तों का उल्लंघन तो नहीं हुआ। साथ ही, कार्यक्रम में विदेशी नेताओं को बुलाने के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कराने की मांग की गई। याचिकाकर्ता का कहना था कि किसी विदेशी राजनीतिक प्रतिनिधि को भारत के राजनीतिक दलों के पक्ष या विपक्ष में प्रचार करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए क्या कहा?
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने याचिका खारिज करने के संकेत दिए। इसके बाद याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत से अनुरोध किया कि उसकी याचिका को संबंधित अधिकारियों के सामने एक शिकायत के रूप में भेजने का निर्देश दिया जाए। हालांकि, अदालत ने ऐसा कोई निर्देश देने से इनकार कर दिया। पीठ ने कहा कि याचिकाकर्ता चाहे तो स्वतंत्र रूप से संबंधित अधिकारियों के पास जा सकता है। इससे पहले 18 नवंबर को वकील सैयद रिजवान अहमद ने तत्काल सुनवाई के लिए तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के सामने इस मामले का उल्लेख किया था। उन्होंने वीडियो हटाने के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की थी। मुख्य न्यायाधीश ने मामले को उचित पीठ के सामने सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई थी। अब सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद वीडियो हटाने और कार्यक्रम की जांच के लिए अदालत से मांगे गए निर्देशों की कार्यवाही समाप्त हो गई है।