फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Vizag Gas Leak Live Updates: सीएम जगन ने किया एक करोड़ के मुआवजे का एलान, केंद्रीय टीम पुणे से रवाना

Thu, 07 May 2020 03:37 PM IST
आसिम खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, विशाखापट्टनम

खास बातें

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एलजी पॉलिमर उद्योग में रासायनिक गैस लीक हो गई। आरआर वेंकटपुरम गांव में गुरुवार की सुबह हुई इस घटना में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई जबकि 800 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हालात का जायजा लिया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घटना पर चिंता व्यक्त की। फिलहाल गैस के रिसाव पर काबू पा लिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:37 PM, 07-May-2020

मानवाधिकार आयोग ने आंध्र सरकार को भेजा नोटिस

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने इस गैस लीक की वजह से लोगों की मौत और तबीयत बिगड़ने पर आंध्र प्रदेश सरकार और केंद्र को नोटिस जारी किया है। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव से इलाज और बचाव कार्य की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही आंध्र के पुलिस महानिदेशक को भी एक नोटिस जारी किया है। इसमें उनसे चार सप्ताह के इस बात की जानकारी देने को कहा गया है कि इस मामले में कितनी एफआईआर दर्ज हुईं और जांच की स्थिति क्या है।  

03:11 PM, 07-May-2020

मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुयये के मुआवजे का एलान

सीएम जगन मोहन रेड्डी ने किंग जॉर्ज अस्पातल में भर्ती पीड़ितों से मुलाकात की। सीएम ने कहा कि हादसे के कारण जान गंवाने वालों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ ही पीड़ितों को 10-10 लाख रुपये और अस्पताल से छुट्टी मिलने वाले मरीजों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। पांच सदस्यीय कमेटी पूरे मामले की जांच करेगी।

02:56 PM, 07-May-2020

मरने वालों की संख्या हुई 11

एनडीएमए ने कहा कि यह एक रासायनिक आपदा है, प्रतिक्रिया के लिए रासायनिक पक्ष पर, रासायनिक प्रबंधन पक्ष पर, चिकित्सा पक्ष के साथ-साथ निकासी पक्ष पर विशेषज्ञता की आवश्यकता होती है। प्रधानमंत्री ने इस बात का जायजा लिया कि बोर्ड की प्रतिक्रिया क्या होनी चाहिए।

वहीं, एनडीआरएफ के महानिदेशक एसएन प्रधान ने बताया कि जानकारी मिली है कि मरने वालों की संख्या 11 हो गई है।
 


 

विज्ञापन
02:50 PM, 07-May-2020

200-250 परिवारों को निकाला गया

विशाखापत्तनम गैस लीक मामले पर दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि हालात का जायजा लेने पुणे से टीम रवाना हो गई है। सरकार ने बताया कि विशाखापत्तनम में फैक्ट्री के आसपास के इलाकों में रह रहे 200-250 परिवारों को निकाला गया।

02:42 PM, 07-May-2020

सीएम ने की अस्पताल में भर्ती लोगों से मुलाकात

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी किंग जॉर्ज अस्पताल पुहंच गए हैं जहां उन्होंने बीमार लोगों से मुलाकात की। 
 

 

विज्ञापन
02:33 PM, 07-May-2020

विशाखापट्टनम जाएगी विशेषज्ञों की टीम

पीएम के प्रधान सचिव डॉ पीके मिश्रा ने विशाखापट्टनम में विशेषज्ञों की टीम भेजने का निर्देश दिया है साथ में राहत, बचाव और जरूरी चिकित्सा देने के लिए कहा है। 
 

 

02:14 PM, 07-May-2020

मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हुई

गैस की चपेट में आने से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। विशाखापट्टनम जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तिरुमाला राव ने कहा कि 300 और लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
 


 

01:39 PM, 07-May-2020

20 लोग वेंटिलेटर पर

विशाखापत्तनम के किंग जॉर्ज अस्पताल में कम से कम 246 लोगों का इलाज चल रहा है और उनमें से 20 वेंटिलेटर पर हैं। प्रभावित गांव से भागने के दौरान दो लोग एक बोरवेल में गिर पड़े जिससे उनकी मौत हो गई। उनके शवों को बाद में निकाल लिया गया है।

01:08 PM, 07-May-2020

राहत एवं बचाव कार्य जारी

आंध्र प्रदेश के पुलिस प्रमुख ने कहा कि विशाखापत्तनम में गैस रिसाव की घटना में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर आठ हो गई। गैस रिसाव को बंद कर दिया गया है, हालात नियंत्रण में हैं।
 

12:50 PM, 07-May-2020

कंपनी पर होगी आपराधिक कार्रवाई- मंत्री

आंध्र प्रदेश के मंत्री एमजी रेड्डी ने बताया कि फैक्टरी में गैस रिसाव की सूचना के बाद लॉकडाउन की प्रक्रिया तुरंत शुरू की गई। स्थानीय प्रशासन को तुरंत सूचित किया गया। गैस को तुरंत हानिरहित तरल रूप में बेअसर किया गया। लेकिन थोड़ी गैस, फैक्टरी परिसर से बाहर निकलकर आस-पास के इलाकों में पहुंच गई, जिससे लोग प्रभावित हो गए। उन्होंने बताया कि कंपनी के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।

12:19 PM, 07-May-2020

प्लास्टिक फैक्टरी को चालू करने की तैयारी के बीच हुआ गैस रिसाव: एनडीआरएफ

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) प्रमुख ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान विशाखापत्तनम में बंद पड़ी प्लास्टिक की एक फैक्टरी में काम-काज पुन: शुरू करने की तैयारी हो रही थी कि इसी दौरान गैस रिसाव की घटना हुई। एनडीआरएफ महानिदेशक एस एन प्रधान ने बताया कि यह स्टाइरीन गैस है जो केंद्रीय तंत्रिका तंत्र, गले, त्वचा, आंखों और शरीर के कुछ अन्य अंगों को प्रभावित करती है।

 

11:53 AM, 07-May-2020

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जताया दुख

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि विशाखापट्टनम के पास गैस रिसाव की खबर से दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदना। मैं घायलों के ठीक होने और सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।

11:48 AM, 07-May-2020

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जताया दुख

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि त्रासदी के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं, मैं सभी की सलामती की प्रार्थना करता हूं। मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन करते हुए प्रशासन के साथ समन्वय में हर संभव राहत प्रदान करने का अनुरोध करता हूं।

11:45 AM, 07-May-2020

गैस लीक होने की घटना से स्तब्ध हूं: चंद्रबाबू नायडू

टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि वह विशाखापट्टनम में गैस लीक होने की घटना से सकते में हैं। उन्होंने शहर के लोगों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की। नायडू ने ट्वीट किया कि संकट के समय में नेताओं और कार्यकर्ताओं को लोगों की मदद के लिए तत्पर रहना चाहिए।

11:39 AM, 07-May-2020

नगर निगम ने लोगों से घरों में ही रहने और गीला मास्क लगाने को कहा

ग्रेटर विशाखाट्टनम नगर निगम ने रासायनिक संयंत्र के आसपास के लोगों से घरों में ही रहने और अपने मुंह और नाक को ढकने के लिए गीले कपड़े का इस्तेमाल करने को कहा है।

निगम ने एक ट्वीट में कहा, कंपनी के आसपास रहने वाले लोगों से आग्रह है कि वे सुरक्षा एहतियात बरतते हुए घरों से बाहर नहीं निकलें। निगम ने कहा, अपनी नाक और मुंह को ढकने के लिए कृपया गीले कपड़े का मास्क की तरह इस्तेमाल करें।

11:20 AM, 07-May-2020

800 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती

एनडीआरएफ के महानिदेशक एसएन प्रधान ने कहा कि स्थानीय लोगों ने गले और त्वचा में जलन की सूचना दी, फिर पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। लगभग 1000-1500 लोगों को निकाला गया है, जिनमें से 800 से अधिक लोगों को अस्पताल ले जाया गया है।

11:12 AM, 07-May-2020

राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से की प्रभावित लोगों की मदद की अपील

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गैस लीक की घटना पर दुख जताते हुए पार्टी के स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करें।

उन्होंने ट्वीट किया, 'मैं विजाग (आंध्र प्रदेश) में गैस लीक के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। मैं इलाके के कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करें। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। मैं अस्पताल में भर्ती लोगों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'

11:08 AM, 07-May-2020

पीएम मोदी की आपात बैठक शुरू 

गैस लीक घटना पर पीएम मोदी की आपात बैठक शुरू हो गई है। बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह भी मौजूद हैं। 

11:01 AM, 07-May-2020

पीएम मोदी ने बुलाई आपात बैठक

विशाखापट्टनम में हुई घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 बजे एनडीएमए की बैठक बुलाई है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी। वहीं, पीएम मोदी ने कहा कि घटना के संबंध में गृह मंत्रालय और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के अधिकारियों से बात की है, मामले की कड़ी निगरानी की जा रही है। मैं विशाखापट्टनम में सभी की सुरक्षा और भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं।

10:59 AM, 07-May-2020

गैस लीक की घटना परेशान करने वाली: अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि विजाग में गैस लीक की घटना परेशान करने वाली है, हम लगातार और करीब से घटना की निगरानी कर रहे हैं। मैं विशाखापट्टनम के लोगों की भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं।

10:59 AM, 07-May-2020

अब तक सात लोगों की मौत

आध्रं प्रदेश के डीजीपी ने कहा कि अभी तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। जिनमें से एक व्यक्ति की मौत भागने की कोशिश में कुएं में गिर जाने के कारण हुई। गैस लीक की घटना आज सुबह लगभग 3:30 बजे हुई। बचाव अभियान अभी भी जारी है। लॉकडाउन के चलते प्लांट बंद था।

10:59 AM, 07-May-2020

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी ने जताया दुख

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि गैस लीक में मरने वाले लोगों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। स्थिति का जायजा लेने के लिए मैंने राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी से बात की है।

उन्होंने आगे कहा कि एनडीआरएफ की टीमों को आवश्यक राहत उपाय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अभूतपूर्व और दुर्भाग्यपूर्ण घटना में सैकड़ों लोग प्रभावित हुए हैं। गृह सचिव और जीओआई से बात की है और उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया है।

10:58 AM, 07-May-2020

120 लोग अस्पताल में भर्ती

विशाखापट्टनम के सीपी आरके मीणा ने कहा कि गैस को निष्प्रभावी कर दिया गया है। एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है। अधिकतम प्रभाव लगभग डेढ़ किमी तक था लेकिन इसकी गंध लगभग ढाई किमी तक थी। 100 से 120 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में कुल तीन व्यक्तियों की मौत हुई है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है। 

10:58 AM, 07-May-2020

सीएम जगन ने किया एक करोड़ के मुआवजे का एलान, केंद्रीय टीम पुणे से रवाना

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने गैस लीक की घटना के बारे में पूछताछ की है और जिले के अधिकारियों को जिंदगी बचाने और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।



मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि सीएम बीमारों से मिलने के लिए अस्पताल के लिए रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों को तत्काल कदम उठाने और सभी सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें