भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा
- फोटो : फाइल फोटो
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को कहा कि सरदार बल्लभभाई पटेल को समर्पित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सभी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। सरदार बल्लभभाई पटेल की यह मूर्ति एकता का प्रतीक है और इस मूर्ति का दर्शन करना स्वतंत्र भारत का महान तीर्थ है।
नड्डा गुजरात के दो दिवसीय यात्रा के दौरान शुक्रवार को नर्मदा बांध के पास एक टापू पर स्थित दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा का दर्शन किया। भाजपा कार्यकारी अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद भाजपा शासित गुजरात का यह उनका पहला दौरा था।
इस मौके पर नड्डा ने कहा कि ‘एकता की मूर्ति स्वतंत्र भारत का तीर्थ बन गया है। मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे यह अवसर मिला है। मैं इसे भारत की आजादी में सरदार बल्लभभाई पटेल के योगदान के कारण स्वतंत्र भारत का तीर्थ मानता हूं।’
उन्होंने कहा कि 565 छोटे और बड़े रियासतों को एकजुट करने में पटेल की अहम भूमिका थी। बतौर पहले गृहमंत्री पटेल ने भारत को एक मजबूत देश बनाया। हम उनके बलिदान को नहीं भूल सकते। यह स्थान हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में दृढ़ भारत बनाने के लिए प्रेरित करता है। इस मौके पर नड्डा के साथ राज्यमंत्री भूपेंद्रसिंह चुडासमा, राज्य इकाई के भाजपा अध्यक्ष जीतू वघानी और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।