विश्व हिंदू परिषद ने कर्नाटक के तटवर्ती दक्षिण कन्नड़ जिले के हर गांव में गोरक्षा दल बनाने का फैसला किया है। एक विहिप कार्यकर्ता ने कहा कि यह दल मवेशियों की चोरी और तस्करी की निगरानी करेगा।
विहिप के मंगलूरू खंड के अध्यक्ष जगदीश शेनावा ने कहा कि पुलिस मवेशी चोरी की बढ़ती घटनाओं को रोकने और दोषियों को पकड़ने में नाकाम साबित हुई है। इसलिए विहिप हर गांव में 10 सदस्यों का गोरक्षा दल बना रही है।
दल रात में मवेशियों की तस्करी पर नजर रखेगा और संदिग्ध वाहनों को रोककर पुलिस के हवाले करेगा। शेनावा ने आरोप लगाया कि पुलिस मवेशियों की गैरकानूनी ढुलाई को रोकने में बुरी तरह नाकाम साबित हुई है।
शेनावा ने दावा किया एक महीने के भीतर मोदुशेद्दे गांव से 21 मवेशियों का सिर काटकर चोरी कर लिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस को हिंदू कार्यकर्ताओं को ज्ञान देने के बजाय गो-तस्करों और अवैध ढुलाई करने वालों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत मामला दर्ज करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि विहिप और बजरंग दल गोकशी व मवेशियों की अवैध खरीद-फरोख्त रोकने में प्रशासन की नाकामी के खिलाफ 26 जुलाई को जिले के वमनजोर से मोदुशेद्दे तक संयुक्त रैली निकालेंगे।