केरल के मलप्पुरम में विशु त्योहार से जुड़े एक पोस्टर पर विवाद खड़ा हो गया है। भगवान कृष्ण और नॉनवेज डिश को लेकर बनाए गए इस पोस्टर के वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केरल के मलप्पुरम जिले में एक पोस्टर को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह विवाद विशु त्योहार के मौके पर बनाए गए एक प्रमोशनल पोस्टर से जुड़ा है, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के साथ एक नॉनवेज डिश कुझी मण्डी को दिखाया गया था।
विज्ञापन
सोशल मीडिया पर फैला पोस्टर
यह पोस्टर कथित तौर पर कोट्टक्कल इलाके के दो रेस्टोरेंट्स के नाम पर जारी किया गया था, जिनके नाम हैं अरेबियन मजलिस और रेधन रेस्टोरेंट। पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों की भावनाएं आहत होने की शिकायत सामने आई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
कोट्टक्कल पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह केस एक स्थानीय निवासी की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 192 के तहत दर्ज किया गया है, जिसमें दंगा भड़काने की कोशिश जैसे आरोप शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पोस्टर को किसने बनाया और किसकी भूमिका इसमें शामिल है। रेस्टोरेंट मालिकों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
विज्ञापन
इससे पहले पुलिस ने दर्ज किया था दंगा भड़काने का केस
इससे पहले चेरथला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 192 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस धारा में जानबूझकर उकसावे की कार्रवाई कर दंगा भड़काने की मंशा जैसे आरोप शामिल हैं। एफआईआर में कहा गया है कि आरोपियों ने इस पोस्टर को हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से साझा किया था।
रेस्तरां मालिक ने मांगी माफी
वहीं, रेस्तरां के मालिक ने इस पूरे विवाद पर सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। टीवी चैनलों पर प्रसारित एक वीडियो में उन्होंने कहा कि पोस्टर बनाने का काम एक थर्ड पार्टी को दिया गया था, जिसने समझदारी की कमी के चलते ऐसी आपत्तिजनक तस्वीर तैयार कर दी। मालिक ने यह भी स्पष्ट किया कि इस पोस्टर का इस्तेमाल रेस्टोरेंट ने अपने किसी आधिकारिक प्रचार या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नहीं किया था।