दिल्ली के रामजस कॉलेज विवाद पर हो रही सियासत, बयानबाजी और बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। करगिल शहीद की बेटी और रामजस कॉलेज की छात्रा गुरमेहर कौर के समर्थन में राजनीतिक पार्टियों, बॉलीवुड हस्ती और तमाम लोग उतर आए हैं।
इसी कड़ी में अब जेएनयू के छात्र नेता उमर खालिद भी गुरमेहर के समर्थन में उतर आए हैं। उमर खालिद ने टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा है कि सहवाग बीसीसीआई का प्रतिनिधित्व करते हैं भारत का नहीं।
खालिद ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि बीते मंगलवार को दिल्ली विवि में जिन हजारों छात्रों और शिक्षकों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया वे एक नए भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं जिसकी परिकल्पना समानता, न्याय और आजादी पर आधारित है।