कश्मीर में शनिवार को सीआरपीएफ पर हुए आतंकी हमले की साजिश पाकिस्तान में हुई थी। एक वीडियो सामने आया है जिसमें साफ दिख रहा है कि पाकिस्तान के आतंकी संगठन जमात-उद-दावा के मुख्यालय में आतंकियों की सलामती के लिए दुआ मांगी जा रही थी। ये मुख्यालय पाकिस्तान के लाहौर में है।
अंग्रेजी चैनल इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक श्रीनगर के डीपीएस स्कूल में घुसे आतंकी सेना पर क्रॉस फायरिंग कर रहे थे और दूसरी और हाफिज सईद का साला अब्दुल मक्की की मौजूदगी में उनके लिए दुआ मांगी जा रहा थी।
वीडियो में साफ दिख रहा है सैंकड़ों लोगों के सामने एक शख्स माइक पकड़ कर बोल रहा है कि उनके हमलावर भारतीय सेना का जमकर मुकाबला कर रहे हैं। साथ ही वो ये भी अपील की गई कि ईद की नमाज के दौरान भी आतंकियों के लिए दुआ की जाए। अब इससे फिर साफ हो गया है कि भारत में होने वाले आतंकी हमलों का सीधा कनेक्शन कहीं-न-कहीं पाकिस्तान से है।
दरअसल, आतंकियों के स्कूल में घुसे होने की खबर के बाद ही सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन जारी कर दिया था। कई घंटों तक चली क्रॉस फायरिंग में सेना ने लश्कर के दो आतंकियों को मार गिराया। हालांकि, इसमें एक सब इंस्पेक्टर शहीद हो गया था। मारे गए आतंकियों की पहचान अबू इस्माइल और हमाद के रूप में की गई है। इससे पहले एसपी ने बताया था कि बिल्डिंग में फंसे स्टॉफ को बाहर निकाल लिया गया था।