Violence In Kolkata: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से एक बार फिर हिंसा की खबर सामने आई है। कोलकाता पुलिस के अनुसार, कंकुलिया रोड पर देर रात फायरिंग की गई और देशी बम भी फेंके गए। पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने गोलपार्क के पास हंगामा किया, फिलहाल इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
कोलकाता पुलिस के अनुसार, बीती शाम राजधानी में फिर से हिंसा हुई, इस दौरान बदमाशों ने गोलपार्क के पास हंगामा किया और कथित तौर पर कंकुलिया रोड पर फायरिंग की और देशी बम भी फेंके। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यह हमला कुख्यात अपराधी सोना पप्पू के गैंग ने किया था। इस मामले में कोलकाता पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
भाजपा ने राज्य सरकार पर साधा निशाना
वहीं इस घटना को लेकर भाजपा नेता दिलीप घोष ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, 'बंगाल में गुंडे माफिया का राज है। पुलिस भी उनके साथ मिली हुई है। सरकार का कोई कंट्रोल नहीं है। आम आदमी मारे जाते हैं। ये सब ममता बनर्जी के हाथ से बाहर है। ये सरकार जब तक रहेगी इससे बचाव संभव नहीं है।'
टीएमसी नेता ने कहा- सख्त कार्रवाई की जाएगी
वहीं, एक स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता ने कहा कि हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 8:30 बजे गोलपार्क इलाके के कंकुलिया रोड पर दो गुटों के बीच झड़प हुई, जिसमें कच्चे बम फेंके गए, गोलियां चलाई गईं और पत्थरबाजी की गई। इस झड़प में कम से कम दो लोग घायल हुए हैं। इस दौरान बदमाशों ने कई कारों और बाइकों में तोड़फोड़ की गई, जिसमें एक पुलिस वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।