मणिपुर के कुछ हिस्सों में जारी हिंसा सोमवार को सेनापति जिले में फैल गई जहां दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। वहीं पर यूनाइटेड नागा काउंसिल (यूएनस) द्वारा जारी आर्थिक नाकेबंदी पर जारी विरोध के कारण इंफाल ईस्ट डिस्ट्रिक्ट में 25 दिसंबर तक मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद किए जाने के साथ अनिश्चितकालीन कर्फ्यू जारी है।
हालांकि सोमवार की सुबह इंफाल वेस्ट डिस्ट्रिक्ट से कर्फ्यू को हटा लिया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार की सुबह सेनापति जिले की नागा टैफू इलाके में जारी भारी तनाव के बीच अज्ञात लोगों ने एक यात्री बस सहित दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया। रविवार की रात को इंफाल ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के सोमबंग में एक पूर्व मंत्री के चार वाहनों के साथ तोड़-फोड़ की गई थी। रविवार को इंफाल-उखरुल रोड पर भीड़ द्वारा 22 वाहनों को क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद पुलिस अफवाहों को रोकने के लिए हाई अलर्ट पर है।
मणिपुर में 1 नवंबर से यूएनसी द्वारा दो राष्ट्रीय राजमार्गों पर जारी अनिश्चितकालीन आर्थिक गतिरोध के कारण राज्य में लोगों को रोजमर्रा की जरूरत के सामानों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह गतिरोध राज्य सरकार द्वारा सात नए जिलों को बनाने के ऐलान के बाद शुरू हुआ जिसमें से चार जिलों का औपचारिक रूप से उद्घाटन कर दिया गया है।