कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच लगातार नियमों की अनदेखी हो रही है और दिशानिर्देशों का उल्लंघन हो रहा है। ऐसे ही एक मामला फिलहाल पोर्ट ब्लेयर से सामने आया है। अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में कोविड-19 से संबंधित दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर एक होटल में पार्टी आयोजित करने के मामले में 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार रात को पोर्ट ब्लेयर के फीनिक्स बे इलाके में स्थित होटल टीएसजी इमेराल्ड में छापा मारा। पुलिस ने कहा कि पोर्ट ब्लेयर के लायंस क्लब की नई समिति के गठन के उपलक्ष्य में वहां महिलाओं और बच्चों समेत कुल 91 लोग एकत्रित थे।
उन्होंने कहा कि दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर भीड़ एकत्रित करने के मामले में क्लब के अध्यक्ष एम पी शक्तिवेल के अलावा इसके 23 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही होटल के प्रबंधक को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार लोगों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 और भादंसं की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।