उपराष्ट्रपति के लिए हुए चुनाव में वेंकैया नायडु देश के 13वें उपराष्ट्रपति चुन लिए गए। वेंकैया को 516 सांसदों का समर्थन मिला वहीं विपक्षी उम्मीदवार गोपाल कृष्ण गांधी को 244 वोट मिले। माना जा रहा है कि वेंकैया को क्रास वोटिंग का भी जबरदस्त फायदा मिला विपक्ष के 23 वोट एनडीए के पाले में आए।
दरअसल वोटिंग के बाद बीजेपी ने कहा कि उसे क्रास वोटिंग का फायदा हुआ है। बताया कि 40 वोट विपक्ष को जाने थे लेकिन उनमें से सिर्फ 6 वोट ही गए। इसका मतलब यह है कि उसके पक्ष में बड़े पैमाने पर क्रास-वोटिंग हुई है।
सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक हुई वोटिंग में कुल 785 वोट में से 771 वोट पड़े। वोटिंग 98.21 फीसदी रही। वेंकैया को 516 वोट और विपक्ष के गांधी को 244 वोट मिले। इस चुनाव में 11 वोट अमान्य करार दिए गए। जबकि 14 सांसदों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं किया।
एनडीए और उसके समर्थन में घोषित वोट के मुताबिक वेंकैया को 493 वोट मिले चाहिए थे। लेकिन अंत में उन्हें 516 वोट मिलने का एलान किया गया। माना जा रहा है कि विपक्ष के क्रास वोटिंग के चलते वेंकैया को 23 वोट का फायदा हुआ। बता दें कि नायडु 11 अगस्त को उपराष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे।