उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को 12वें सांख्यिकी दिवस और महान वैज्ञानिक व सांख्यिकीविद प्रशांत चंद्र महालनोबिस की 125वीं जयंती पर 125 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। केंद्रीय सांख्यिकी मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा की उपस्थिति में उप राष्ट्रपति ने कोलकाता के भारतीय सांख्यिकी संस्थान (आईएसआई) में सिक्का का अनावरण किया। नायडू ने कहा कि इस कार्यक्रम में हिस्सा लेकर मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।
इस मौके पर अन्य गणमान्य लोगों के अलावा राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री ब्रात्य बसु भी मौजूद रहे। उपराष्ट्रपति ने महालनोबिस को राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण संगठन और उत्तरी कोलकाता संस्थान का निर्माता बताया। उन्होंने कहा कि महालनोबिस को श्रद्धांजलि देने के लिए डिजाइन के हिसाब से यह शानदार सिक्का है। केंद्रीय मंत्री गौड़ा ने कहा कि 2007 से महालनोबिस के योगदान को देखते हुए 29 जून को सांख्यिकी दिवस के रूप में मनाया जाता है।