VHP के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट आलोक कुमार प्रेस कांफ्रेंस करते हुए।
- फोटो : Amar Ujala
विश्व हिंदू परिषद (VHP) सभी राजनीतिक दलों के सांसदों से मिलकर देश में सबके लिए एक समान जनसंख्या नीति (Population Control Bill) लाने की मांग कर रही है। इसके लिए सभी धर्मों के सांसदों को सहमत कराने की कोशिश की जा रही है। जनसंख्या नीति के अलावा धर्मांतरण विरोधी कानून (Anti-Conversion Law) औऱ हिंदू मंदिरों पर से सरकारी नियंत्रण को समाप्त करने की भी मांग की जा रही है। विहिप ने कहा है कि उसकी इस मांग का हर धर्म-संप्रदाय के सांसदों से समर्थन मिल रहा है।
विहिप के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने मंगलवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि अब तक 286 सांसदों से मुलाकात की गई है। वे 500 से अधिक सांसदों से मिलकर जनसंख्या वृद्धि पर एक राष्ट्रीय नीति लाने की बात रख रहे हैं। उनका दावा है कि जम्मू कश्मीर से लेकर केरल तक के सभी राज्यों के ज्यादातर सांसद इस बात पर एकमत हैं कि देश में एक जनसंख्या नीति लाई जानी चाहिए। इससे अनेक समस्याओं का समाधान हो सकेगा।
विहिप देश के मंदिरों पर सरकारी नियंत्रण के विरुद्ध भी अभियान चला रही है। उसकी मांग है कि अन्य धार्मिक समुदाय के तीर्थस्थलों की तरह हिंदू समुदाय के मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त किया जाय।
विश्व हिंदू परिषद अवैध धर्मांतरण के विरुद्ध भी 21 दिसंबर से एक अभियान चलाने जा रही है। आलोक कुमार ने कहा कि अवैध धर्मांतरण से देश की एकता-अखंडता को खतरा होता है। 62 लाख लोगों को धर्मांतरित होने से रोका गया है और नौ लाख लोगों को धर्मांतरण के बाद अपने धर्म में वापस लाया गया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए अभी भी प्रयास किये जा रहे हैं।