गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भी जताया गहरा शोक
गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भी इस दर्दनाक हादसे पर शोक जताते हुए कहा आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम स्थित काशीबुग्गा वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की मृत्यु से मैं गहरा दुखी हूं। मैं उन सभी परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि घायल श्रद्धालु शीघ्र स्वस्थ हों।
जगन रेड्डी ने सरकार पर लगाया आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने भी वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर गहरा सदमा और दुख व्यक्त किया है। अपने बयान में उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं- तिरुपति में वैकुंठ एकादशी के दौरान छह श्रद्धालुओं की मौत हुई थी और सिंहाचलम मंदिर में सात लोगों की जान गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार हो रही इन त्रासदियों के बावजूद सरकार ने उचित सावधानियां नहीं बरतीं और चंद्रबाबू नायडू प्रशासन की घोर लापरवाही उजागर हुई है। जगन मोहन रेड्डी ने कहा कि निर्दोष लोगों की बार-बार हो रही मौतें सरकार की अक्षमता को दर्शाती हैं और ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।