केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने रविवार को आरोप लगाया कि देशभर में ईसाई समुदाय और गिरजाघरों पर लगातार हमले हो रहे हैं, जिनके पीछे संघ परिवार का समर्थन है। उन्होंने यह बातें मध्य प्रदेश के जबलपुर में ईसाई पादरियों पर कथित हमले के एक पीड़ित फादर डेविस जॉर्ज के घर का दौरा करने के बाद कही। सतीशन ने कहा कि फादर जॉर्ज और अन्य पादरी जानबूझकर निशाना बनाए जा रहे हैं और यह घटनाएं एक बड़ी साजिश का हिस्सा हैं।
यह भी पढ़ें -
ONOE: एक राष्ट्र, एक चुनाव के लिए अभियान चलाएगी कैट, देश के हर शहर-गांव में होंगे कार्यक्रम
ओडिशा में चर्च में घुसकर हमला
वीडी सतीशन ने एक अन्य घटना का जिक्र किया जो ओडिशा में हुई। उन्होंने बताया कि वहां पुलिस चर्च में घुस गई और एक पादरी और उनके साथी को बुरी तरह पीटा। इस पिटाई में साथी की हालत गंभीर बताई जा रही है और वह अस्पताल में भर्ती हैं।
कई राज्यों में हो रहे ऐसे हमले- वीडी सतीशन
सतीशन ने दावा किया कि ऐसे हमले सिर्फ एक-दो जगहों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कई राज्यों में हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बहुत से पादरियों को जेल में डाला गया है और उन पर 'धर्मांतरण विरोधी कानून' के तहत झूठे आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि क्रिसमस और रविवार की प्रार्थना सभाओं को रोका जा रहा है, चर्चों से संतों की मूर्तियां हटाने की मांग की जा रही है, और ईसाई समुदाय को डराने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें -
Marathi Language Agitation: राउत ने राज ठाकरे की आलोचना की, कहा- यू-टर्न लेकर राजनीतिक परंपरा का पालन किया
चर्च बिल लाने की आशंका- वीडी सतीशन
सतीशन ने कहा, 'देशभर में अल्पसंख्यकों पर हमले हो रहे हैं। सरकारें चुप हैं और आरोपी बेखौफ घूम रहे हैं।' उन्होंने संघ के मुखपत्र ऑर्गेनाइजर का हवाला देते हुए कहा कि वक्फ (संशोधन) बिल के बाद उसमें ईसाइयों की 7 करोड़ हेक्टेयर जमीन को वापस लेने की बात कही गई थी। यह बहुत गंभीर संकेत है। सतीशन ने चेतावनी दी कि जिस तरह वक्फ बिल लाया गया, उसी तरह चर्च बिल लाने की भी तैयारी हो सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और यूडीएफ पहले ही इस मुद्दे को लेकर आगाह कर चुके हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संघ परिवार वक्फ बिल को मुनंबम मुद्दे से जोड़कर दो समुदायों के बीच सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।
भारत जोड़ो का स्पष्ट रुख- सतीशन
सतीशन ने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ने अल्पसंख्यकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए स्पष्ट रुख अपनाया है। उन्होंने सरकार को चेताया कि अल्पसंख्यकों के अधिकारों को कुचलने की कोशिश के गंभीर परिणाम होंगे। वहीं केरल के राजस्व मंत्री के. राजन ने भी शनिवार को फादर डेविस जॉर्ज के घर जाकर उन्हें राज्य सरकार की ओर से समर्थन और संवेदना दी।
जबलपुर की घटना और पुलिस की धीमी कार्रवाई
बता दें कि, 31 मार्च को मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में फादर डेविस जॉर्ज, जो जबलपुर कैथोलिक डायोसिस के विकर जनरल हैं, और फादर जॉर्ज थॉमस, जो कि केरल से हैं, पर रांझी पुलिस स्टेशन परिसर में ही कथित तौर पर दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं ने हमला किया था। इस घटना के चार दिन बाद पुलिस ने एफआईआर तो दर्ज की, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।