चेतगंज थाना क्षेत्र के पितरकुंडा तिराहे के समीप मंगलवार की शाम संकरी गली में स्थित दो मंजिला मकान में अवैध तरीके से पटाखा बनाने के दौरान हुए विस्फोट में मरने वालों की संख्या पांच हो गई। दो शिफ्ट में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर एनडीआरएफ की टीम ने मलबे के नीचे से पांचवां शव बुधवार की सुबह बाहर निकाला। हादसे में मरने वालों की शिनाख्त सरफराज (24), आमना (42) और उसकी बेटी जेबा (25), शबा (20) व निम्मो उर्फ शीबा (13) के तौर पर हुई है। मरने वालों में एक ही परिवार के चार लोग शामिल हैं। इसके अलावा सभी छह घायलों की हालत स्थिर है।
धमाके के बाद मकान की गिराऊ स्थिति को देखते हुए एनडीआरएफ ने उसे तत्काल ढहाने का सुझाव जिला प्रशासन को दिया है। उधर, विस्फोट वाले मकान के सभी पुरुष गिरफ्तारी के डर से भाग गए हैं। मृतकों को बुधवार रात को गुलाब बाग स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया गया। पितरकुंडा तिराहा के समीप यूसुफशाह के कब्रिस्तान से सटा हुआ मो. हनीफ का मकान है। उनकी मौत के बाद मकान में उनके बेटे हमीद, हबीब, सईद व बेटी आमना के परिवार के साथ ही किरायेदार अशरफ उर्फ बबलू और अनीस का परिवार रहता है। वहीं, उनका चौथा बेटा खुर्शीद आता-जाता रहता है। इस तरह से आठ कमरे के मकान में 37 लोग रहते थे।
बताया जाता है कि मंगलवार की शाम सवा सात बजे घर में अवैध तरीके से पटाखा बनाने का काम जारी था और उसी कमरे में खाना भी बन रहा था। इसी दौरान ना जाने कैसे बारूद में से चिंगारी निकली और पहला हल्का फिर तत्काल दूसरा जोरदार धमाका हुआ। जिसके चलते एक कमरे की छत उड़ गई और उसकी दीवार पड़ोसी के मकान पर जा टिकी। साथ ही, घर के पिछले हिस्से की चहारदीवारी का आधा हिस्सा ढह गया।
मरने वालों में तीन सगी बहनें और उनकी मां
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने सईद की पत्नी शबनम, मंतसा, सानिया, रजिया, पड़ोसी मुमताज सहित छह को अस्पताल पहुंचाया। रात 11 बजे परिवार के कुछ लोग वापस घर आए और अन्य सदस्यों को खोजने लगे। शोर मचा कि पांच-छह लोग मकान के मलबे में दबे हैं। जिसके बाद इलाकाई लोगों, पुलिस और एनडीआरएफ के संयुक्त प्रयास से ननिहाल आए नदेसर निवासी सरफराज, आमना, जेबा, शबा और निम्मो का शव मलबे से बाहर निकाला गया। इनमें जेबा, शबा और निम्मो सगी बहनें तथा आमना की बेटियां हैं।
एनडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मकान के भीतर से भारी मात्रा में बारूद, पत्थर की छर्री, सुतली, बड़े वाले 350 सुतली बम, बांस के कटे टुकड़े और तरह-तरह के पटाखे बरामद कर पुलिस को सौंपे। बुधवार को घटनास्थल का मुआयना करने के लिए एटीएस, एसटीएफ, बीडीएस और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम पहुंची। विस्फोटक पदार्थों का सैंपल लेकर विधि विज्ञान प्रयोगशाला आगरा भेजा जाएगा। घटना के चलते इलाके में व्याप्त तनाव और दहशत के माहौल को देखते हुए चार थानों की फोर्स, पीएसी और क्यूआरटी लगाई गई है जबकि पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की आवाजाही लगातार जारी है।