वंदे भारत मिशन के तहत विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के अभियान के तहत, एयर इंडिया का एक विमान ब्रिटेन में फंसे 331 लोगों को लेकर यहां अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचा। हवाईअड्डे के सूत्रों ने कहा कि बोइंग 773 विमान तड़के 2:21 बजे यहां पहुंचा। बाद में, यही विमान दिल्ली होते 87 यात्रियों को लेकर अमेरिका गया।
यात्रियों को मुख्य यात्री टर्मिनल के पूरी तरह स्वच्छ एवं रोगमुक्त अंतरराष्ट्रीय आगमन स्थल से ले जाया गया। यात्रियों की स्वास्थ्य जांच के बाद, सुरक्षात्मक उपकरण पहने सीआईएसएफ कर्मी यात्रियों के समूह को आप्रवासन काउंटर तक ले गए। यहां आगमन के बाद यात्रियों को निर्धारित स्थानों पर पृथक वास के लिए ले जाया गया।
फिलीपींस में फंसे 139 भारतीय विद्यार्थी मनीला से एक विशेष विमान में मंगलवार सुबह अहमदाबाद हवाईअड्डे पर पहुंचे। गुजरात सरकार ने यह जानकारी दी। ये गुजराती छात्र उच्च शिक्षा के लिए फिलीपींस गए थे और लॉकडाउन के चलते वहां फंस गए थे।
गुजरात सरकार ने कहा, फिलीपींस की राजधानी मनीला से 139 छात्रों को निकाला गया। एक विशेष विमान से वे मंगलवार सुबह अहमदाबाद हवाईअड्डे पर पहुंचे। उनके आगमन के बाद, उन्हें उनके संबंधित जिलों में भेजा गया जहां उन्हें 14 दिनों के लिए पृथक-वास में रखा जाएगा। राज्य के अधिकारियों ने इससे पहले घोषणा की थी कि गुजरात से 1,000 छात्रों को अलग-अलग देशों से लाया जाएगा।
कोरोना वायरस महामारी की वजह से लगाए गए यात्रा प्रतिबंधों की वजह से अमेरिका में फंसे भारतीय छात्रों और लोगों की बड़ी संख्या को देखते हुए आने वाले हफ्तों में उड़ानों की संख्या को बढ़ाया जा सकता है। अमेरिका में भारतीय दूतावास और महावाणिज्य दूतावासों ने हाल ही में स्वदेश लौटने की योजना बनाने वाले भारतीयों की सूची बनाना शुरू की थी। यह फेहरिस्त ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से बनाई जा रही है।