युवाओं के टीकाकरण का अभियान शनिवार से महज आठ राज्यों में शु्रू हो सका। उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत जिन राज्यों में तीसरे चरण की शुरुआत हुई, वहां भी रस्मी रहा। टीकों की आपूर्ति न होने से कुछ राज्यों ने तो पहले ही हाथ खड़े कर दिए थे। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले एक सप्ताह में पर्याप्त टीके राज्यों को मिल जाएंगे, जिससे टीकाकरण में भी तेजी आएगी।
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर के कुछ ही जिलों में टीकाकरण शुरू हो सका। ज्यादातर राज्यों में टीका समय पर नहीं मिलने की वजह से युवाओं का टीकाकरण शुरू ही नहीं हो पाया।
तीसरे चरण के लिए 28 अप्रैल को कोविन वेबसाइट पर पंजीयन शुरू हुआ था। एक मई से 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को टीकाकरण शुरू हुआ है। बीते 28 अप्रैल को इनके लिए कोविन वेबसाइट पर पंजीयन शुरू हुआ था।
पिछले तीन दिन में ही 3.5 करोड़ से ज्यादा लोग टीका लगवाने के लिए पंजीयन कर चुके हैं। दिल्ली में केवल एक सरकारी केंद्र पर टीकाकरण शुरू हुआ, जबकि बड़े निजी अस्पतालों ने टीका देना शुरू कर दिया है।
वहीं, उत्तर प्रदेश के सात, गुजरात के 10 और राजस्थान के 11 जिलों में ही नया चरण शुरू हुआ। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, हमें साढ़े चार लाख खुराक मिल चुकी हैं, लेकिन सोमवार से ही युवाओं के टीकाकरण में गति आ सकती है।
स्पूतनिक वी की पहली खेप आई, 1.5 लाख खुराक मिली
रूसी टीका स्पुनतिक वी की पहली खेप शनिवार को भारत आ गई। इसे लेकर आए एक विमान हैदराबाद उतरा। विदेश मंत्रालय के अनुसार पहली खेप में डेढ़ लाख खुराक भारत पहुंची है। वहीं, इसके बाद मध्य मई या माह के अंत तक 30 लाख खुराक और आएंगी। जून में 50 लाख खुराक और आएंगी।