उत्तराखंड में भाजपा सरकार के मुखिया का चेहरा बदलना लगभग तय है। अनुमान है कि आज शाम तक कोई फैसला हो जाएगा। अब नया चेहरा कौन होगा, इसे लेकर महज कयास ही लगाये जा रहे हैं। लेकिन जो नाम सामने आ रहे हैं उनमें से अनिल बलूनी ही एक ऐसे नाम हैं जिनका ट्विटर अकाउंट दो दिनों से ख़ामोश है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से लेकर सीएम पद के प्रबल दावेदार और राज्य सरकार में मंत्री धन सिंह रावत समेत सतपाल महाराज तक ट्विटर अकाउंट पर पूरी तरीके से सक्रिय हैं। तीनों नेताओं के ट्विटर अकाउंट से होने वाले संवाद को देखें तो मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत लगातार प्रदेश में लागू की जा रही योजनाओं और मिलने वाले लाभों को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को बताते रहे हैं।
इसके अलावा धन सिंह रावत भी ट्विटर के माध्यम से लोगों से जुड़े हुए हैं। वह गैरसैंण में होने वाली बैठक के बाद से जनता से रूबरू होने वाली और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दी जाने वाली बधाई तक के माध्यम से लोगों से लगातार संवाद बनाए हुए हैं।