फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फटी जींस बयान: अपनी ही पार्टी के निशाने पर आए तीरथ सिंह रावत, विरोधी खेमा हुआ सक्रिय

Fri, 19 Mar 2021 02:13 PM IST
Harendra Chaudhary आशीष तिवारी, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • कुमाऊं से लेकर गढ़वाल तक भारतीय जनता पार्टी के कई विरोधी रावत की फटी जींस बयान में ले रहे चटखारे।
  • भाजपा नेताओं के मुताबिक मामला अगर ऐसे ही सोशल मीडिया पर बढ़ता रहा तो सीएम रावत को देनी पड़ सकती है सफाई
  • ऐसे बयान से भाजपा भी पड़ी चक्कर में
विज्ञापन
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तमात राजनैतिक उठापटक के बाद उत्तराखंड की कमान संभालने वाले नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत इस वक्त अपने कई बयानों से विवादों में घिर गए हैं। खासकर महिलाओं की फटी जींस वाले उनके बयान ने तूल पकड़ लिया है और अब वे सफाई देने और बचाव की मुद्रा में नजर आने लगे हैं। पार्टी के भीतर उनके बयानों की कड़ी आलोचना हो रही है।

विज्ञापन


उत्तराखंड के विरोधी खेमे में मौजूद भाजपाइयों को बैठे-बिठाए 'फटी जींस विवाद' में टांग अड़ाने का मौका मिल गया है। नतीजा ये हुआ है कि गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक भाजपा के अपने ही विरोधी न सिर्फ इस मामले में चटखारे लेने लगे हैं बल्कि पूरी शिद्दत से मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की छवि को धोने में लग गए हैं।

रावत के बयान पर भारतीय जनता पार्टी का एक धड़ा अंदर ही अंदर से इस कोशिश में लगा हुआ है कि उनकी छवि पर जितना डेंट डाला जा सकता है वह फटी जींस के बयान के बाद डाला जाए। हालांकि देश दुनिया में सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री रावत को जमकर निशाने पर लिया गया और उनकी सोच को लेकर लोगों ने खूब खरी-खोटी भी सुनाई।
विज्ञापन


दरअसल मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को प्रदेश की कमान सौंपे जाने के बाद से कई राजनैतिक दुश्मन भी पैदा हो गए हैं। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के इस बयान के बाद भाजपा आलाकमान के कुछ नेता थोड़ा पशोपेश में तो हैं लेकिन इसको नजरअंदाज कर रावत को अपने स्तर पर ही इस विवाद से बाहर निकलने को कह रहे हैं।

उत्तराखंड भाजपा के एक नेता जो अकसर बगावत की भाषा बोलते हैं उनका कहना है कि तीरथ सिंह रावत जैसे कद्दावर नेता अगर ऐसी भाषा महिलाओं के लिए बोलते हैं, तो यह अपमानजनक ही नहीं बल्कि उनकी सोच को भी बताता है।

दूसरी तरफ तीरथ सिंह रावत की 'फटी जींस' बयान के बाद देशभर में सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है। महिला संगठनों से लेकर अनगिनत महिलाओं और पुरुषों ने मुख्यमंत्री रावत को निशाने पर ले लिया। खासकर राजनैतिक पार्टियां भी इस बयान के बाद भाजपा और संघ के नेताओं की तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने लगीं। ऐसे में संघ और भाजपा में भी अंदर खाने सीएम रावत की वजह से असहज स्थिति पैदा हो गयी।

भाजपा के एक नेता ने बताया कि तीरथ सिंह रावत के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही बहुत से राजनैतिक दुश्मन भी पैदा हो गए। और उस राजनैतिक दुश्मनी को निभाने के लिए मौका तलाश ही रहे थे कि सीएम रावत का वो बयान आ गया जिसने उनको चंद घंटे में ही सोशल मीडिया के निशाने पर ला दिया।

भाजपा के एक कद्दावर नेता ने कहा कि अगर अगले कुछ दिनों में यह विवाद शांत नहीं हुआ तो सीएम रावत को इस मामले में सफाई भी देनी पड़ सकती है। चुनावी माहौल में ऐसे बयान कहीं पार्टी का गणित न बिगाड़ दें, ये आशंका सताने लगी है। इसलिए इस विवाद को कैसे जल्द से जल्द ठंडा किया जाए, इसे लेकर पार्टी में गंभीरता से चिंतन चल रहा है। बताया जा रहा है कि तीरथ सिंह के बयानों को लेकर पार्टी आलाकमान ने उन्हें सोच समझकर बोलने की नसीहत भी दी है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें