कांग्रेस नेता राहुल गांधी व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव
- फोटो : amar ujala
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की एक्स पर की गई पोस्ट पर टिप्पणी की। उन्होंने चुनाव ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों से दबाव के सामने अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों को नहीं भूलने का आग्रह किया। ऐसा नहीं करने पर इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
समाजवादी पार्टी प्रमुख यादव ने अपने आधिकारिक एकाउंट एक्स पर एक वीडियो साझा की, जिसमें एक युवक आठ बार भाजपा को वोट देते हुए दिखाई दे रहा है। पोस्ट में कहा, 'अगर चुनाव आयोग को लगता है कि यह गलत है तो उसे कुछ कार्रवाई करनी चाहिए। अन्यथा, भाजपा की बूथ समिति वास्तव में एक लूट समिति है।’
लोकतंत्र पर डाका डालना चाहती है भाजपा: राहुल
अखिलेश की पोस्ट के बाद राहुल गांधी ने भी पोस्ट की, जिसमें कहा, 'अपनी हार को देखते हुए बीजेपी सरकारी मशीनरी पर जनादेश को नकारने का दबाव डालकर लोकतंत्र पर डाका डालना चाहती है।' उन्होंने कहा, कांग्रेस चुनाव ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों से उम्मीद करती है कि वे सत्ता के दबाव के सामने अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों को न भूलें। "नहीं तो इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही ऐसी कार्रवाई होगी कि भविष्य में कोई भी 'संविधान की शपथ' का अपमान करने से पहले 10 बार सोचेगा।
कांग्रेस-सपा की पोस्ट का सीईओ रिनवा ने दिया जवाब
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने देर रात कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के पोस्ट का जवाब दिया। उन्होंने पोस्ट कर कहा, इस मामले में एटा जिले के नयागांव थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मतदान दल के सभी सदस्यों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। कहा, चुनाव आयोग को मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान की सिफारिश की गई है।