उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले की सिरसागंज सीट 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई थी। अब तक यहां तीन चुनाव हुए हैं और इन तीनों ही चुनावों में सपा ने जीत दर्ज की है। आइए, इस सीट के पूरे सियासी गणित को समझते हैं...
देश की राजनीति में उत्तर प्रदेश की भूमिका हमेशा निर्णायक रही है। यहां 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव को लेकर सियासी दल जमीनी स्तर पर अपनी रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं। आने वाले चुनाव में जहां भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश करेगी, वहीं विपक्ष सत्ता परिवर्तन की उम्मीदों के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है। उत्तर प्रदेश की इसी चुनावी सरगर्मी के बीच, हम आपको राज्य की हर सीट के इतिहास और राजनीतिक परिदृश्य के बारे में विस्तार से बता रहे हैं। इसी कड़ी में आज बात फिरोजाबाद जिले की सिरसागंज विधानसभा सीट की होगी। आइए, जानते हैं इस सीट का पूरा सियासी गणित और इतिहास।
विज्ञापन
पहले जानते हैं सिरसागंज विधानसभा सीट के बारे में
उत्तर प्रदेश में कुल 75 जिले हैं, जिनमें कुल 403 विधानसभा सीटें हैं। इन्हीं में से एक जिला फिरोजाबाद है। जिले में कुल पांच विधानसभा सीटें हैं। इनमें- फिरोजाबाद, टूंडला, शिकोहाबाद, जसराना और सिरसागंज शामिल हैं। 'सीट का समीकरण' की आज की कड़ी में हम फिरोजाबाद जिले की सिरसागंज विधानसभा सीट की बात करेंगे। फिरोजाबाद जिले की सिरसागंज विधानसभा सीट 2008 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई थी। यहां पहला चुनाव 2012 में हुआ था। यहां से पहले विधायक हरिओम यादव बने थे, जिन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर चुनाव लड़ा था।
सिरसागंज विधानसभा सीट का जातीय समीकरण
सिरसागंज विधानसभा सीट के जातिगत समीकरण की बात करें तो कुल मतदाताओं में सबसे बड़ी और निर्णायक हिस्सेदारी यादव मतदाताओं की है, जिनकी संख्या इस क्षेत्र में सबसे अधिक लगभग 37% है। इसके बाद राजपूत समाज के मतदाताओं की एक बड़ी और मजबूत आबादी लगभग 17% है, जो चुनाव में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वहीं, लोधी समाज के करीब 9% और जाटव समुदाय के लगभग 8% मतदाता हैं। इनके अलावा बघेल समाज के करीब 8% मतदाता भी मौजूद हैं। बाकी बचे मतदाता अन्य समुदायों से आते हैं।
सिरसागंज सीट पर हुए चुनाव का नजीता
- फोटो : अमर उजाला
सिरसागंज में अब तक तीन चुनाव, हर बार सपा ने मारी बाजी
2012 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में फिरोजाबाद जिले की सिरसागंज विधानसभा सीट के पहले चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के हरिओम विजयी हुए। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के ई. अतुल प्रताप सिंह को 40,015 वोटों के अंतर से हराया। चुनाव में हरिओम को 85,517 वोट मिले, जबकि ई. अतुल प्रताप सिंह को 45,502 वोटों से संतोष करना पड़ा।
सिरसागंज सीट पर हुए चुनाव का नजीता
- फोटो : अमर उजाला
2017: सपा ने दोहराई जीत
इस विधानसभा चुनाव की बात करें तो फिरोजाबाद जिले की सिरसागंज विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) के हरिओम यादव लगातार दूसरी बार विजयी हुए। इस बार उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जयवीर सिंह को 10,676 वोटों के अंतर से हराया। चुनाव में हरिओम यादव को 90,281 वोट मिले, जबकि जयवीर सिंह को 79,605 वोट मिले।
सिरसागंज सीट पर हुए चुनाव का नजीता
- फोटो : अमर उजाला
2022: सपा ने लगाई जीत की हैट्रिक
2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में फिरोजाबाद जिले की सिरसागंज विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) के सर्वेश सिंह यादव विजयी हुए। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हरिओम यादव को 8,805 वोटों के अंतर से हराया। चुनाव में सर्वेश सिंह यादव को 96,224 वोट मिले, जबकि हरिओम यादव को 87,419 वोट मिले।