गोवा और पंजाब में वोटिंग के बाद यूपी का सियासी पारा चढ़ने लगा है। सभी पार्टियों के नेताओं ने एक दूसरे पर हमले तेज कर दिए हैं। सूबे में रविवार का दिन महारैलियों का दिन रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा के कद्दावर नेता आजम खान ने रैली कर एक दूसरे पर तीखे वार किए।
सपा नेता आजम खान ने रामपुर में रैली करते हुए विरोधियों पर जबरदस्त निशाना साधा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 'वो 131 करोड़ हिंदुस्तानियों का बादशाह है, रावण जलाने लखनऊ जाता है, लेकिन ये भूल जाता है कि सबसे बड़ा रावण लखनऊ में नहीं दिल्ली में रहता है।'
आजम खान ने सवाल करते हुए कहा कि एक चाय बेचने वाले के पास इतने महंगे कपड़े कहां से आए। उन्होंने आरोप लगाया कि 'मोदी जी ने दो साल में 80 करोड़ रुपये के कपड़े बनवाए हैं। इसका मतलब आने वाले 5 साल में 200 करोड़ के कपड़े बनवाए जाएंगे।'