प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर छठे दौर की वार्ता के लिए भारत आने वाली अमेरिकी टीम अपनी यात्रा सकती है। यह टीम 25 अगस्त को भारत आने वाली थी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अब तक प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) की पांच दौर की वार्ता पूरी हो चुकी है और अमेरिकी टीम छठे दौर की बातचीत के लिए भारत आने वाली थी। यह वार्ता 25 से 29 अगस्त के बीच होनी थी। अधिकारी ने कहा, यह यात्रा शायद पुनर्निर्धारित होगी।
ये भी पढ़ें:
सरकार ने जीएसटी सुधारों को बताया बड़ा बदलाव, कहा- गेमचेंजर बनेंगे ये सुधार; कांग्रेस पर भी साधा निशाना
इस बैठक के स्थगित होने की संभावना इसलिए है, क्योंकि अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 50 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा की है। अमेरिका भारत के कृषि और डेयरी जैसे राजनीतिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में अधिक बाजार पहुंच की मांग कर रहा है, जिसे भारत सरकार स्वीकार नहीं कर सकती, क्योंकि इससे छोटे किसानों की आजीविका प्रभावित हो सकती है।
भारत ने स्पष्ट कहा है कि वह किसानों और पशुपालकों के हितों से समझौता नहीं करेगा। अमेरिका और भारत ने बीटीए के पहले चरण को 2025 के सितंबर-अक्टूबर तक पूरा करने की योजना बनाई है। दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को वर्तमान 191 अरब डॉलर से बढ़ाकर 500 अरब डॉलर से ज्यादा करने का लक्ष्य रखा है।
ये भी पढ़ें:
NCERT के विशेष मॉड्यूल पर विवाद: किसे बताया गया विभाजन का जिम्मेदार, गांधी-पटेल के बारे में क्या लिखा; विरोध क्यों?
भारत से अमेरिका में निर्यात होने वाली वस्तुओं पर 25 फीसदी टैरिफ सात अगस्त से लागू हो चुका है। इसके अलावा, रूस से कच्चा तेल और सैन्य उपकरण खरीदने के कारण भारत पर लगाए गए अतिरिक्त 25 फीसदी दंडात्मक टैरिफ 27 अगस्त से लागू होगा।
वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल से जुलाई तक भारत से अमेरिका के लिए निर्यात में 21.64 फीसदी की वृद्धि हुई और यह 33.53 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जबकि आयात में 12.33 फीसदी की वृद्धि हुई और यह 17.41 अरब डॉलर तक पहुंचा।