बच्चा चोरी के संदेह में यूपी के एक हॉकर की भीड़ ने यहां बृहस्पतिवार को पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना अगरतला से करीब 30 किलोमीटर दूर पश्चिम त्रिपुरा के मुराबारी में हुई। मृतक का नाम जहीर खान कुरैशी बताया जाता है। घटना में घायल दो अन्य हॉकरों खुशित खान (यूपी) व गुलजार खान (बिहार) और टैक्सी ड्राइवर स्वपन मिया को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सहायक पुलिस महानिरीक्षक स्मृति रंजन दास ने बताया कि कारोबार के सिलसिले में राज्य के बाहर के तीन हॉकर मुराबारी आए थे। उन्होंने बिटरबन से एक वाहन किराये पर लिया और जब उस इलाके में पहुंचे, तो भीड़ बच्चा उठाने वाला समझ कर उन्हें पीटने लगी। हॉकरों ने ड्राइवर सहित जान बचाने के लिए त्रिपुरा स्टेट राइफल्स (टीएसआर) कैंप में पहुंचे। करीब एक हजार उग्र लोग उनके पीछे-पीछे कैंप में पहुंच गए और उनमें से एक हॉकर को खींच लिया।
टीएसआर के जवानों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवा में दो राउंड फायर किए और आंसू गैस के गोले छोड़े। त्रिपुरा के डीजीपी ए के शुक्ला ने अफवाह फैलाने से रोकने के लिए एसएमएस सेवा और इंटरनेट सेवा दो दिनों के लिए बंद करने का आदेश दिया है।