अतीक अहमद और अशरफ के इलाके में क्या हुआ?
माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल को गोली मारकर हत्या हो गई थी। दोनों को पुलिस कस्टडी में उस वक्त मारा गया, जब उन्हें मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाया गया था। इस हत्या के बाद खूब राजनीति हुई। सपा, बसपा और कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार को घेरा तो भाजपा ने इसे कुदरत का इंसाफ बताया।
प्रयागराज में भाजपा के महापौर प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। वहीं, पार्षद चुनाव की बात करें तो 100 में से 56 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। 16 सीटों पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों की जीत हुई है। बसपा, एआईएमआईएम के दो-दो प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। एक सीट पर निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल के प्रत्याशी की जीत हुई है। चार सीटों पर कांग्रेस का खाता भी खुला। 19 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीतने में कामयाब हुए।
बृजभूषण के इलाके में क्या हुआ?
कुश्ती संघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह का गोंडा में काफी दबदबा माना जाता है। फिलहाल बृजभूषण पर राष्ट्रीय स्तर की कई महिला पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। इस मामले में दिल्ली में एफआईआर भी हो चुकी है। कई दिनों से पहलवान दिल्ली में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। गोंडा में एक नगर पालिका अध्यक्ष पद पर समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की है। 16 नगर पालिका परिषद सदस्यों की सीट पर भाजपा को जीत मिली है। 56 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। नगर पंचायत अध्यक्ष के सात में से पांच सीटों पर भाजपा और दो पर सपा को जीत मिली है।