गृहमंत्री राजनाथ सिंह अपने पुत्र पंकज सिंह के लिए चुनाव प्रचार नहीं करेंगे। भाजपा ने इस बार पंकज को नोएडा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। माना जा रहा है कि विरोधियों की ओर से लगाए गए परिवारवाद के आरोपों के कारण गृह मंत्री ने इस आशय का फैसला लिया है।
इस फैसले के जरिए राजनाथ यह भी संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि पंकज ने अपना राजनीतिक आधार खुद तैयार किया है। टिकट वितरण के समय पंकज की उम्मीदवारी पर लगातार ऊहापोह की स्थिति रही थी। पहले उन्हें साहिबाबाद से चुनाव लड़ाने की चर्चा थी, मगर बाद में उन्हें नोएडा से उम्मीदवार बनाया गया। बीते विधानसभा चुनाव में भी टिकट पर विवाद के कारण पंकज ने प्रत्याशी तय किए जाने के बाद चुनाव न लड़ने की घोषणा की थी।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने एक टीवी चैनल से बातचीत में स्वीकार किया कि वह अपने पुत्र के लिए चुनाव प्रचार नहीं करेंगे। हालांकि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह सहित कई वरिष्ठ नेता पंकज के समर्थन में नोएडा में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। गौरतलब है कि भाजपा ने इस बार 5 सांसदों के पुत्र-पुत्री को चुनाव मैदान में उतारा है। इनमें कलराज मिश्र, हुकुम सिंह, बृजभूषण शरण सिंह, कलराज मिश्र और राजनाथ सिंह शामिल हैं। इनके पुत्र-पुत्रियों को टिकट दिए जाने के बाद परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगा था।