उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे उम्मीदवारों में बाहुबलियों के साथ धनकुबेरों की भी अच्छी खासी संख्या है। इसका अंदाजा इसी से लग जाता है कि कुल उम्मीदवारों में से 1456 उम्मीदवार करोडों की संपत्ति के मालिक हैं। इनमें तीन उम्मीदवार तो अरबपति भी हैं। इनमें सबसे अमीर हैं आगरा दक्षिण से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस उम्मीदवार नजीर अहमद जो 211 करोड़ की संपति के मालिक हैं।
चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों का विश्लेषण करने के बाद चुनाव निगरानी संस्था एडीआर की रिपोर्ट के बाद जो आंकड़े सामने आए हैं वो काफी चौंकाने वाले हैं। रिपोर्ट कहती है कि यूपी के कुल 4823 उम्मीदवारों में से 1456 करोड़पति हैं।
इनमें सबसे ज्यादा पैसे वाले हैं कांग्रेस के नजीर अहमद जिनकी कुल संपति है 211 करोड़ रुपये। उनके बाद मुबारकपुर से चुनाव लड़ रहे बसपा के शाह आलम उर्फ गुड्डू का नंबर आता है वो भी अरबों की संपति के मालिक हैं उनके पास 118 करोड़ रुपये की संपति है जबकि मांट से चुनाव लड़ रहे भाजपा के सतीश कुमार शर्मा भी 114 करोड़ की संपति के मालिक हैं। तीनों अरबपतियों में सबसे कम पढ़े लिखे हैं सतीश शर्मा जबकि बसपा के शाह आलम पीजी और नजीर अहमद ग्रेजुएट हैं।