फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तर प्रदेश चुनाव: राज्य के तीन करोड़ घरों में एक महीने तक मनेगा 'दिवाली उत्सव', श्रद्धा और आस्था के जरिए चुनावी माहौल हथियाने की तैयारी!

सार

उत्तर प्रदेश में 2019 लोकसभा चुनाव से पहले आठ मार्च 2019 को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का शिलान्यास किया गया था। अब अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इसका उद्घाटन हो रहा है। अभी तक की योजना के मुताबिक 13 दिसंबर को प्रधानमंत्री मोदी काशी में इस कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे...
विज्ञापन
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर - फोटो : Amar Ujala (File Photo)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और मथुरा में मंदिर निर्माण की तैयारियों के बीच उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से चुनावी माहौल के दरमियान श्रद्धा और आस्था के साथ जश्न की तैयारी की जा रही है। इन तैयारियों में भाजपा ने तय किया है कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के उद्घाटन वाले दिन उत्तर प्रदेश के तीन करोड़ घरों में न सिर्फ दीपक जलाए जाएंगे, बल्कि इस आस्था के जश्न को अगले एक महीने तक मनाया जाएगा। रणनीतिकारों की योजना तो यह भी है कि सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में 'भव्य काशी-दिव्य काशी' कार्यक्रम को दीपावली की तरह मनाया जाए। इसके लिए भाजपा की राज्य सरकारें और उनके कार्यकर्ता देश के हर राज्य और हर शहर जिले, नगर और गांव में दीपोत्सव मनाने की तैयारियां कर रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि भाजपा अब अपने मुख्य एजेंडे के साथ चुनावी मैदान में पूरी तरह उतर चुकी है।

एक बार फिर भव्य दीपोत्सव की तैयारियां

उत्तर प्रदेश में 2019 लोकसभा चुनाव से पहले आठ मार्च 2019 को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का शिलान्यास किया गया था। अब अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इसका उद्घाटन हो रहा है। अभी तक की योजना के मुताबिक 13 दिसंबर को प्रधानमंत्री मोदी काशी में इस कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। इसी उद्घाटन के साथ पूरे देश और उत्तर प्रदेश में दीपावली की तरह दीपोत्सव उत्सव मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उत्तर प्रदेश में चुनावी रणनीति तैयार करने वाले और केंद्रीय नेतृत्व के साथ समन्वय करने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता के मुताबिक उत्तर प्रदेश के तीन करोड़ घरों में 13 दिसंबर को न सिर्फ दीपक जलाए जाएंगे बल्कि हर घर में उत्सव मनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए प्रदेश भाजपा के कुछ नुमाइंदों को जिम्मेदारी भी दी गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के उद्घाटन वाले दिन पूरे प्रदेश का हर घर दीपक से जगमग होगा।

'भव्य काशी दिव्य काशी' पर जगमग होगा बनारस  

काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के उद्घाटन की तैयारियों के लिए योगी आदित्यनाथ और उनकी पूरी टीम ने कमर कस ली है। बीते हफ्ते मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय बनारस दौरे में 13 दिसंबर से 14 जनवरी तक होने वाले "भव्य काशी दिव्य काशी" कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा भी की थी। बैठक में शामिल अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों और नेताओं को निर्देश भी दिया है कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लोकार्पण के बाद अगले तीन दिनों के भीतर काशी के हर घर में बाबा विश्वनाथ का प्रसाद और इतिहास से संबंधित साहित्य हर हाल में पहुंचा दिया जाए। इसके लिए भी स्थानीय प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं।

चुनावी मौसम में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का उद्घाटन

चुनावी माहौल में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के उद्घाटन को लेकर राजनीतिक विश्लेषकों की अपनी अलग-अलग राय है। राजनीतिक विश्लेषक जीडी शुक्ला के मुताबिक भाजपा शुरुआत से ही धर्म आस्था और अपनी पुरातन पद्धतियों को आगे लेकर बढ़ रही है। यही वजह है कि भाजपा का एक विशेष वोट बैंक उनके साथ हमेशा से जुड़ा रहता है। शुक्ला के मुताबिक चुनावी माहौल में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के उद्घाटन का निश्चित तौर पर भाजपा को लाभ मिलेगा। उनका कहना है कि चुनाव से पहले इस तरह के उद्घाटन होना राजनीतिक पार्टियों के लिए चुनावी माहौल को बढ़ाने जैसा ही होता है। दिल्ली विश्वविद्यालय में राजनीति शास्त्र के प्रवक्ता जेएन ठाकुर का कहना है कि माहौल बनाने से राजनीतिक पार्टियों को लाभ मिलता है। यह माहौल राजनीतिक रैलियों, सम्मेलनों, तमाम तरह के आयोजनों के अलावा विकास के लिए किए गए कामों के उद्घाटन के साथ-साथ पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र और वादों को पूरा करके भी बनाया जाता है। उनका कहना है कि योगी सरकार ने हाल में अयोध्या में देव दीपावली के भव्य आयोजन से देश और पूरी दुनिया को आकर्षित किया था। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के दौरान अगर इस तरीके के आयोजन होते हैं तो निश्चित तौर पर यह एक आकर्षण का केंद्र होगा और इसका चुनावी असर भी दिखेगा।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें