संसदीय कार्य एवं नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम खां ने नोटबंदी के फैसले का विरोध करते हुए एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सियासी तीर छोड़े। कहा कि बादशाह अपने को फकीर बता रहे, जबकि उन्होंने मुल्क की जनता को फकीर बनाकर लाइन में लगवा दिया। अगर दूसरा मुल्क होता तो ऐसे हालातों में लूटमार शुरू हो जाती।
नोटबंदी का फैसला लेकर 130 करोड़ देश की जनता मरने के लिए मजबूर है। विकास के काम रुक गए हैं, अपने ही पैसे के लिए जनता को भिखारियों की तरह लाइन में लगना पड़ रहा है।
मोहम्मद आजम खां ने शनिवार को स्वार के खेमपुर में नवनिर्मित आईटीआई भवन का लोकार्पण करने के दौरान समारोह को संबोधित करते हुए बिना नाम लिए प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। बोले, बादशाह ने नोटबंदी का फैसला लेकर हिंदुस्तान की जनता को भिखारी बना दिया। अगर ऐसा दूसरे मुल्क में होता तो वहां लूटमार शुरू हो जाती, लेकिन इस मुल्क के लोग इंकलाब भी शांति से करते हैं।