रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक का हालचाल जानने गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) पहुंचे। कर्नाटक में सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद नाइक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सिंह दोपहर में विशेष विमान से गोवा में आईएनएस हंसा बेस पर पहुंचे और दो बजकर 40 मिनट के आसपास जीएमसीएच गए, जहां नाइक का इलाज चल रहा है।
नाइक की कल रात जीएमसीएच में कई सर्जरी की गई। एक अधिकारी ने बताया कि मंत्री की हालत स्थिर है। नाइक (68) की दोनों हाथों और एक पैर में फ्रैक्चर के लिए सर्जरी हुई। दुर्घटना में नाइक के साथ कार में सवार उनकी पत्नी विजया और एक सहायक की मौत हो गई। यह हादसा उत्तर कन्नड़ जिले में अंकोला के निकट हुआ जब मंत्री कर्नाटक में धर्मस्थल से गोवा लौट रहे थे।
उत्तरी गोवा से भाजपा सांसद और वर्तमान में केंद्रीय रक्षा राज्य और आयुष मंत्री नाइक को देर रात गंभीर हालत में पणजी के निकट जीएमसीएच लाया गया। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार रात कहा कि नाइक की हालत पहले गंभीर थी, लेकिन अब उनकी हालत ‘स्थिर’ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीएमसीएच के डीन डॉ. शिवानंद बांदेकर के नेतृत्व में डॉक्टरों की एक टीम उनका इलाज कर रही है। हम उन्हें सबसे अच्छी चिकित्सा सेवा उपलब्ध करा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने कहा कि नाइक के लिए सबसे अच्छा इलाज सुनिश्चित कराने के लिए एक और मेडिकल टीम को एहतियात के तौर पर तैयार रखा गया। राजनाथ सिंह ने नाइक के त्वरित इलाज के लिए सोमवार को भी सावंत से बात की थी।
वहीं इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत को फोन करके श्रीपद नाइक के बेहतर इलाज के लिए उचित प्रबंध करने को कहा था। प्रधानमंत्री मोदी ने सावंत से कहा कि श्रीपद नाइक के इलाज के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।
शॉर्टकट लेने के चक्कर में हुई दुर्घटना
नाइक अपने परिवार के चार सदस्यों के साथ सुबह येलापुर में स्थित गणपति मंदिर गए थे और वहां पूजा-अर्चना करने के बाद शाम सात बजे के करीब गोकर्ण के लिए रवाना हुए। एनएच 66 से उनकी गाड़ी गोकर्ण के लिए शॉर्टकट लेने के चक्कर में पतली सड़क पर उतर गई। बताया जा रहा है कि सड़क की स्थिति बहुत खराब थी और ड्राइवर का गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रहा, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह गाड़ियों की टक्कर का मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है कि ड्राइवर का गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रहा और वह पलट गई। सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से श्रीपद नाइक की पत्नी विजया की मौत अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही हो गई। सहायक की मौत अस्पताल में हुई।