देश इस समय कोरोना वायरस की दूसरी लहर से ही नहीं जूझ रहा है, बल्कि इस संकट के समय में सियासी संग्राम का सामना भी कर रहा है। इस सियासत का प्रमुख बिंदु भी कोरोना ही है। आमने सामने हैं भाजपा और कांग्रेस। भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस एक टूलकिट के जरिए भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम करने की साजिश रच रही है। वहीं, कांग्रेस ने कहा है कि यह टूलकिट भाजपा की जालसाजी है। पढ़िए इस मामले में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद की प्रतिक्रिया।
इस बवाल को लेकर केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। प्रसाद ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मंगलवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसे चुनौती भरे समय में लोगों की मदद करने की बजाय किसी तरह से अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश में लगी हुई है। इसके साथ ही प्रसाद ने कांग्रेस को लेकर कुछ सवाल भी उठाए। प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के अंदर प्रधानमंत्री के खिलाफ मनोविकारी नफरत की कोई सीमा नहीं है। पढ़िए प्रसाद ने क्या कहा...
कांग्रेस पार्टी को क्या हो गया है? इस चुनौतीपूर्ण समय में जब देश को एकजुट होकर काम करना चाहिए और नागरिकों को राहत उपलब्ध करानी चाहिए, कांग्रेस को केवल गलत जानकारियों पर आधारित अफवाहें फैलाने की चिंता है।
कांग्रेस की आत्मा कहां है? लोगों की मदद करने के स्थान पर यह अपने समर्थकों को कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन के लिए भारतीय स्ट्रेन और मोदी स्ट्रेन के नाम का इस्तेमाल कर देश को बदनाम करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
यह चौंकाने वाला नहीं है कि चुनावों में बार-बार हार का सामना करने के बाद कांग्रेस पार्टी अब अब अपनी राजनीति चमकाने के लिए इस संकट के समय में प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के खिलाफ गलत जानकारियां फैला रही है।
कांग्रेस शासित राज्य पीएम केयर्स फंड के तहत उपलब्ध कराए गए वेंटिलेटर्स का इस्तेमाल क्यों नहीं कर रहे हैं? , यह बात कई मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आई है। इससे कांग्रेस पार्टी का सही रंग और चरित्र सबके सामने आ गया है।
अपने रिकॉर्ड के अनुसार कांग्रेस पार्टी अपने समर्थकों को धार्मिक आधार पर विभाजनकारी रुख अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है और महामारी के दौरान सांप्रदायिक वैमनस्य भी पैदा कर रही है। यह वाकई चौंकाने वाली बात है।