महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने दिल्ली में मंगलवार को गृह सचिव से मुलाकात कर उन्हें सबूत सौंपते हुए प्रकरण पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने गृह सचिव अजय भल्ला से मुलाकात के बाद कहा कि मेरे पास जो जानकारी थी वो गृह सचिव को सौंप दी है।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बीते रविवार को भी मुंबई के पुलिस अधिकारी सचिन वाजे को लेकर चल रहे विवाद की बाहरी एजेंसी से स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी। प्रसाद ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि वाजे 'महज सहायक निरीक्षक हैं' और उनका बचाव विधानसभा के अंदर और बाहर खुद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे कर रहे हैं।
उन्होंने मामले में राकांपा प्रमुख शरद पवार की 'चुप्पी' पर भी सवाल उठाए, जबकि उनकी पार्टी के सहयोगी और गृह मंत्री अनिल देशमुख पर पुलिसकर्मियों से 'हर महीने सौ करोड़ रुपये डांस बार आदि से उगाहने' के लिए कहने के आरोप लगे हैं।
प्रसाद ने कहा था कि महाराष्ट्र में महा विकास आघाड़ी का गठन शासन करने के इरादे से नहीं, बल्कि लूटने के इरादे से हुआ है। भाजपा इस मुद्दे को काफी जोरदार तरीके से उठाने जा रही है और जल्द ही सड़कों पर उतरेगी।